×

यूपी में टेक्निकल असिस्टेंट के 2,759 पदों पर भर्ती, 22 मई से शुरू होंगे आवेदन

 

लखनऊ, 26 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। उत्तर प्रदेश सबऑर्डिनेट सर्विस सलेक्शन कमीशन (यूपीएसएसएससी) ने टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप-सी के कुल 2,759 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

यूपीएसएसएससी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 22 मई से शुरू होगी। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। जिन अभ्यर्थियों से एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए करेक्शन विंडो 18 जून तक सक्रिय रहेगा।

यूपीएसएसएससी की ओर से जारी पदों के लिए जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद रजिस्ट्रेशन लिंक एक्टिव होने के बाद से तय समय सीमा के भीतर अपना एप्लीकेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थी यूपीएसएसएससी पीईची 2025 की परीक्षा में शामिल होने चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ अन्य निर्धारित पात्रता का होना अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आवेदन करते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो 25 रुपए निर्धारित है। कैंडिडेट्स ध्यान दें, एप्लीकेशन फीस के भुगतान के बाद ही आपके आवेदन को स्वीकार किया जाएगा।

योग्य कैंडिडेट्स का चयन पीईटी स्कोर 2025, लिखित परीक्षा, शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,500 से 81,800 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद से सक्रिए आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।

--आईएएनएस

डीके/वीसी