यूपी में इंडिया ब्लॉक की सरकार बनेगी, भाजपा सरकार से जनता परेशान: नसीम खान
मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता नसीम खान ने आगामी यूपी चुनावको लेकर दावा किया कि इंडिया ब्लॉक की सरकार बनने वाली है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान है।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी और वहां इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि मौजूदा भाजपा सरकार की कार्यशैली से उत्तर प्रदेश की जनता बुरी तरह नाराज है। पिछले दिनों किस तरह उत्तर प्रदेश में जगह-जगह आंदोलन हुए और लोग सड़कों पर उतरे। इसमें वहां के युवा और विद्यार्थी भी शामिल थे। किसानों की हालत भी अच्छी नहीं है। गलत नीतियों के कारण लोगों में गुस्सा है। ध्रुवीकरण की राजनीति अब इस देश में नहीं चलेगी, यह लोगों ने तय कर लिया है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को शामिल नहीं किया गया है। इसे लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि सिराज एक अच्छे खिलाड़ी हैं, उनका खेल बहुत अच्छा है। आखिर क्यों हमेशा टीम के सिलेक्शन से बाहर किया जाता है? देश में सवाल उठ रहा है। सिराज क्रिकेट को ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं, लेकिन सिलेक्शन में उन्हें किनारे किया जाता है। उनसे कम अनुभवी गेंदबाजों को मौका दिया जाता है तो सवाल तो उठना लाजमी है कि क्या सिराज को इसलिए बाहर किया जाता है क्योंकि उनके नाम में सिराज है। उन्होंने कहा कि मेरिट के आधार पर सिलेक्शन होना चाहिए।
राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत पर उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान कांग्रेस के नेताओं, वहां के कार्यकर्ताओं और जनता को बधाई देना चाहता हूं। इस नतीजे से साफ दिखाई दे रहा है कि पूरे देश का मूड भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ है। ग्राम पंचायत के इन चुनावों ने यह साबित कर दिया है कि आने वाले दिनों में जो भी चुनाव होंगे, उनमें चाहे राज्य की भाजपा सरकार हो या केंद्र की सरकार हो, वह सत्ता से बाहर जाएगी और उनकी जमानत जब्त होगी।
इसी बीच, उन्होंने कुर्ला में एक युवक-युवती के साथ नाबालिगों द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट की घटना पर कहा कि इस तरह की घटनाएं गलत हैं और बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। ऐसे सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था होनी चाहिए और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि आम लोग पूरी निर्भय होकर घूम-फिर सकें और आ-जा सकें।
इसी दौरान भाजपा नेता किरीट सोमैया के बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के नेताओं के पास कोई मुद्दा ही नहीं है। वे महंगाई के बारे में बात नहीं करते, बेरोजगारी के बारे में बात नहीं करते और कानून-व्यवस्था को लेकर भी कोई चर्चा नहीं करते। वे सिर्फ ध्रुवीकरण की राजनीति करते हैं। इस देश की जनता ने भाजपा की नीतियों और सरकारों को देख लिया है। ध्रुवीकरण की राजनीति देश में बिल्कुल नहीं चलेगी। देश में विकास का मुद्दा चलेगा। राजस्थान के चुनाव के नतीजों ने दिखा दिया है कि भाजपा की ध्रुवीकरण की राजनीति में लोगों का विश्वास नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी