☰
×

यूपी में कांग्रेस जितनी जीत सकती है, उतनी सीटें देने को तैयार; जल्द होगा फैसला: जियाउर रहमान बर्क

 

संभल, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर रहमान बर्क ने सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को मिली जमानत और यूपी विधानसभा चुनाव पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे पर बात चल रही है, जिन सीटों पर कांग्रेस जीत सकती है, वो उन्हें दी जाएगी। जल्द ही इसका फैसला सबके सामने आ सकता है।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को मिली जमानत पर एसपी सांसद जियाउर रहमान बर्क ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि मैंने हमेशा हर स्तर पर न्यायपालिका का सम्मान किया है, चाहे वह हाईकोर्ट हो या सुप्रीम कोर्ट हो। हमें सभी न्यायिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। अगर हम उम्र की बात करें तो चाहे वह 21, 27 या 30 साल हो, विरोध प्रदर्शन करने का अधिकारी सबको है। यह अधिकार सिर्फ 'जेन-जी तक ही सीमित नहीं है। यह अधिकार 60, 70 या 80 साल के व्यक्ति को भी देश में हो रही किसी भी गलत चीज के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार है। हर नागरिक को सरकार या पुलिस-प्रशासन के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध करने का संवैधानिक अधिकार मिला है, बस शर्त यह है कि ये अधिकार कानून के दायरे में होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि अब हमसे स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। असली सवाल यह है कि हमें खुद को सही साबित करने की जरूरत क्यों है? हमें यह देखना होगा कि यह मुद्दा कैसे शुरू हुआ और कैसे इस चरण तक पहुंच गया है। सरकार कोई भी मुद्दा कहीं से लेकर आती है और लोगों को उलझाए रखती है।

उन्होंने कहा कि जैसे आपने सवाल किया, हम यहीं कहना चाहते हैं कि आज हम इस स्थिति में कैसे आ गए हैं। आज हम इस स्थिति में क्यों हैं? हमारा सीजेपी से कोई संबंध नहीं है और न ही यह हमारा संगठन है। मैं समाजवादी पार्टी से जुड़ा हूं और विपक्ष का सदस्य हूं लेकिन सबसे बढ़कर, मैं इस देश का नागरिक हूं। यह हैरानी की बात है कि जो लोग सरकार के कामों और नीतियों की आलोचना कर रहे थे और उनके खिलाफ विरोध कर रहे थे, अब उनसे ही स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। अगर विरोध का उद्देश्य जायज था और कोई गलत इरादा नहीं था, तो उन्हें अपने कार्यों को सही साबित करने की जरूरत क्यों है? मैं इस मामले पर और कुछ नहीं कहना चाहता हूं, बस यहीं कहूंगा कि अगर मकसद सही है तो हमको सफाई नहीं देनी चाहिए। सरकार उनको गलत तरीके से दबा नहीं सकती है।

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सांसद जियाउर रहमान बर्क ने कहा कि गठबंधन को लेकर सभी बातचीत सकारात्मक दिशा में चल रही है और हमें उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस 'इंडी' गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ेंगे। मेरी अखिलेश यादव से खुद भी बात हुई है और हमारी बातचीत सकारात्मक रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने समाजवादी पार्टी ही सबसे मजबूत विकल्प है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन की जो नीति है, हम जिस तरह से लोकसभा का चुनाव लड़े हैं, उसी तरह से विधानसभा का चुनाव भी लड़ेंगे, जिससे हम उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को हरा सकें। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में एक ऐसी सरकार बना सकें, जो सबको साथ लेकर चले। जब भी आप कोई काम शुरू करते हैं, चाहे वह कोई बिजनेस हो या कोई और गतिविधि, तो उसमें समय लगता ही है। चुनावों के लिए सीट शेयरिंग भी पार्टियों के बीच एक तरह का समझौता है और ऐसे समझौतों में स्वाभाविक रूप से समय लगता है। हर चीज तुरंत हल नहीं हो सकती। जल्द ही सबको जवाब मिल जाएगा।

बर्क ने कहा कि सवाल उठाना एक अलग बात है। कांग्रेस जितनी सीटों की मांग कर रही है, उस पर हम लोगों को कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, समाजवादी पार्टी का मानना है कि सीटों का बंटवारा कांग्रेस पार्टी के जीतने की संभावनाओं के आधार पर होना चाहिए। उनकी मांग के बजाय हम उनको वो सीटें देना चाहते हैं जिस सीट पर कांग्रेस पार्टी जीत सकती है। इसे लेकर विचार-विमर्श जारी है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम