×

यूपी में 2 से 4 मार्च तक समस्त ग्राम पंचायतों में चलेगा स्वच्छता अभियान

 

लखनऊ, 1 मार्च (आईएएनएस)। होली पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर वातावरण में मनाने के उद्देश्य से सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर की ग्राम पंचायतों में 2 से 4 मार्च तक विशेष स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

सीएम योगी ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के ठोस इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अभियान के तहत कार्यक्रम स्थलों, होलिका दहन स्थलों, घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और अन्य स्नान स्थलों की व्यापक सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जाएगा।

पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि होली से पूर्व और पर्व के उपरांत दोनों चरणों में विशेष सफाई अभियान संचालित होगा, ताकि किसी प्रकार की गंदगी या जलभराव की स्थिति न बने। ग्राम पंचायतों में स्थापित रूरल रिसोर्स सेंटर पर एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों की आशंका कम की जा सके। इसके अतिरिक्त नदी, तालाब और सरोवरों के घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई तथा सुरक्षा प्रबंधों की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों को दी गई है। पूरे अभियान की सतत समीक्षा कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी