☰
×

यूपी में तीसरा फ्रंट नहीं चलेगा, सीएम योगी के नेतृत्व में फिर बनेगी एनडीए सरकार: चिराग पासवान

 

हाजीपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता तीसरे मोर्चे को स्वीकार नहीं करेगी। इससे पहले भी ओवैसी और चंद्रशेखर ने अलग-अलग कोशिश की थी, लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने भरोसा जताया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए एक बार फिर मजबूत और स्थिर सरकार बनाएगी।

यूपी में ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर चिराग पासवान ने कहा, "अच्छी बात है, प्रयास करें। पिछली बार का भी अनुभव रहा है कि इन लोगों ने ये प्रयास अलग-अलग किया था और उत्तर प्रदेश की जनता ने नकारने का काम किया है।"

उन्होंने कहा कि हकीकत ये है कि आज की तारीख में डबल इंजन की सरकार की सोच का अनुभव उत्तर प्रदेश की जनता को हुआ है। ऐसे में इस व्यवस्था को बनाए रखने की सोच के साथ एक बार फिर एनडीए की सरकार, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार, मजबूत, स्थिर सरकार, कानून व्यवस्था को मजबूती देने वाली सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को उत्तर प्रदेश में धरातल पर उतारने वाली सरकार को एक बार पुनः उत्तर प्रदेश की जनता चुनने का काम करेगी, ऐसा मैं मानता हूं।

चिराग ने बताया कि उनके भी कई कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं, उनकी पार्टी के भी कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल भी इस समय मैं लखनऊ में हूं। मैं मानता हूं कि जितना हम लोग भ्रमण कर रहे हैं, वहां एक बात तय है कि सपा और अगर कांग्रेस उनके साथ आती है तो ये एक ऐसा गठबंधन है जिससे जनता भयभीत होती है, गुंडाराज उनको याद आता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में विकल्प के तौर पर कभी भी जो तीसरा फ्रंट प्रयास कर रहा है, वो नहीं बन पाएगा। एनडीए पुनः मजबूती से वहां पर सरकार बनाएगी।

आगरा में अखिलेश यादव के दलित सम्मेलन पर भी चिराग पासवान ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अच्छी बात है, पर सिर्फ चुनाव के वक्त ही अगर उनको दलित याद आते हैं तो ये गलत है। आज जब वो दमदार दलित की बात करते हैं तो किसने दमदार किया दलितों को? ऐसे में उन नेताओं को, उन महापुरुषों को भी उनको याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरे नेता, मेरे पिता राम विलास पासवान का योगदान, अगर इन बातों का स्मरण किए बिना सिर्फ वो इस बात का एहसास दलितों को दिलाएंगे तो आज की तारीख में अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाली हर जाति इस बात को मानती है कि जिन लोगों ने उनको सशक्त करने का काम किया, उन लोगों के साथ इन लोगों का बर्ताव कैसा रहा है, उसको भी जनता कतई भूली नहीं है और चुनाव के परिणामों में ये देखने को मिलेगा।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि मैं पुनः दोहराता हूं कि आज अगर हम लोग इन्वेस्टिगेशन, औद्योगीकरण की बात भी कर सकते हैं तो तभी संभव है जब उनके रहते ये सड़कों का जाल, बिजली, पानी की व्यवस्था बेहतर हुई है। ऐसे में उनका जो कद है, उसके सामने यकीनन ये सम्मान शायद कुछ नहीं, पर हां ये हमारी डबल इंजन सरकार की सोच, केंद्र सरकार, राज्य सरकार की ये सोच कि उनके नेतृत्व में बिहार में जो-जो विकास के कार्य हुए हैं, उसको मद्देनजर रखते हुए ये एक छोटा सा सम्मान का भाव हमारी तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार को है।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी