×

यूपी में कुछ नहीं बदला, यहां जंगलराज है, सीएम योगी के बयान पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद का पलटवार

 

लखनऊ, 29 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने मऊ में सीएम योगी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कहने और करने में बहुत फर्क है। यूपी कितना बदल गया है, प्रदेश की जनता भी जानती है। यूपी में कानून-व्यवस्था खराब हो चुकी है। भ्रष्टाचार बढ़ गया है। यहां कुछ नहीं बदला है, यहां सिर्फ जंगलराज है। सरकार से जनता का भरोसा उठ गया है।

दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ ने मऊ में कहा कि यूपी में एक वो दौर था, जब शाम के वक्त व्यापारी और बहन-बेटियां अपने घरों से नहीं निकलते थे। सड़कों पर गुंडों का आतंक और माफिया का राज चलता था। घर पहुंचने में अगर बहन-बेटियों को जरा सी भी देर हो जाए तो परिवार चिंता में डूब जाता था लेकिन आज उत्तर प्रदेश के अंदर कानून का राज कायम है। गुंडों और माफिया की हिम्मत नहीं कि वे आपकी तरफ आंख तक उठाकर देख लें।

हमीरपुर की घटना पर सपा सांसद ने कहा कि एक पुल गिर जाने से छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। यह घटना बेहद दुखद है। हम सभी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना भाजपा शासन में हुई है, क्योंकि भ्रष्टाचार बढ़ा है। तमाम निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार दिखाई देता है। कमीशनखोरी हुई है, जिसके कारण गलत और घटिया निर्माण हुआ है। निर्माण एजेंसी की जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि राम पथ में अभी तीन दिन पहले बारिश हुई और सड़क धंस गई। कोई भी व्यक्ति घायल हो सकता था। भाजपा सरकार में जमकर कमीशनखोरी हुई है।

दूसरी ओर, एनआईए द्वारा विभिन्न राज्यों में 12 जगहों पर तलाशी अभियान चलाए जाने पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कहा कि कोई दल, नेता या व्यक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता नहीं कर सकता। इसमें एजेंसियों को जो भी लगता है, उसकी गंभीरता से जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। भारत के अंदर जो भी बाहर से आतंकवादी गतिविधि होती है, उनको नियंत्रित करने के लिए, उन पर लगाम लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए।

हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से छह मजदूरों की मौत पर उदयवीर सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाओं में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है और सभी लोग प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। उनके परिवारों की मदद की जानी चाहिए। यह भी चिंता का विषय है कि बिना किसी तूफान या आपदा के भी पुल बार-बार गिर रहे हैं और इस पर कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की जा रही है। चाहे वह वाराणसी हो, चंदौली हो, बिहार हो या कोई अन्य जगह, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकारों में इसके पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। जान के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी