'यूपी में आज माफियाराज नहीं, कानून का राज', प्रकाश पाल का अखिलेश यादव पर पलटवार
लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। अखिलेश यादव ने कहा था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए। इस पर पलटवार करते हुए प्रकाश पाल ने कहा कि अमित शाह वर्ष 2014 में ही प्रदेश की स्थिति की समीक्षा कर चुके हैं और उसके बाद राज्य में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद एसटी हसन के राम जन्मभूमि से जुड़े बयान पर भी आपत्ति जताई। इसके अलावा, उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी को पहलगाम के आतंकवादियों की भाषा से जोड़कर विवादित बयान दिया।
प्रकाश पाल ने कहा कि अमित शाह वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश आए थे और उन्होंने गांव-गली घूमकर उस समय की कानून-व्यवस्था तथा राजनीतिक हालात का जायजा लिया था। उस समय प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी का माहौल था। युवाओं की नौकरियों में गड़बड़ी होती थी और बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था। उस दौर में महिलाओं के दुपट्टे तक सुरक्षित नहीं थे और माफियाओं का प्रभाव पूरे प्रदेश में था। अमित शाह ने उस समय चुनावी एजेंडा तैयार किया था, जिसका असर 2014 के लोकसभा चुनाव में दिखाई दिया। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 73 सीटें जीती थीं। इसके बाद 2017 में भी अमित शाह के नेतृत्व में प्रदेश में बहुमत की सरकार बनी। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में माफियाराज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफियाओं पर सख्ती की है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद एसटी हसन के राम जन्मभूमि को लेकर दिए गए बयान पर प्रकाश पाल ने कहा कि सनातन धर्म की आस्था से जुड़े विषयों पर टिप्पणी करने से पहले लोगों को तथ्यों और परंपराओं की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि राम और कृष्ण का जन्मस्थान कहां है, यह उन्हें बताना चाहिए। भारत का हर व्यक्ति इन धार्मिक मान्यताओं से परिचित है। राम जन्मभूमि थाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में यह थाना पहले से मौजूद है और इसकी स्थापना कांग्रेस शासन के समय से जुड़ी है। इसे भाजपा की सरकार ने नहीं बनाया।
राहुल गांधी की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रकाश पाल ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा, जिसमें व्यापारियों की ओर से दिवाली और त्योहारों को देखते हुए प्रदर्शन आगे बढ़ाने की अपील का उल्लेख था। पाल के अनुसार, राहुल गांधी ने व्यापारियों से कहा कि वे जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करें। उन्होंने इस बयान की तुलना पहलगाम के आतंकवादियों की कथित टिप्पणी से करते हुए कहा कि दोनों की भाषा एक जैसी है। प्रकाश पाल ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी और आतंकवादियों के बयान में इस तरह की समानता क्यों दिखाई दे रही है।
--आईएएनएस
पीएसके