×

यूपी लेखपाल मुख्य परीक्षा: कड़ी सुरक्षा-बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को मिल रहा प्रवेश

 

लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की लेखपाल मुख्य परीक्षा गुरुवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और नकल-मुक्त बनाने के लिए प्रदेशभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए।

बायोमेट्रिक सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रयागराज, हरदोई, गाजीपुर और बस्ती समेत कई जिलों में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। यूपी के कई जिलों में लेखपाल परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। हरदोई में नौ परीक्षा केंद्रों पर कुल 3,792 अभ्यर्थी ने परीक्षा देंगे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और सभी केंद्रों पर दस्तावेज सत्यापन तथा गहन जांच की प्रक्रिया अपनाई गई।

प्रयागराज में परीक्षा केंद्र प्रबंधन में तैनात विश्वनाथ मिश्रा ने बताया कि उम्मीदवारों को चरणबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जा रहा है। सबसे पहले उनकी सुरक्षा जांच की जा रही है, इसके बाद बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया है कि कोई भी परीक्षार्थी इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर परीक्षा हॉल में प्रवेश न करे।

प्रयागराज पहुंचे एक अभ्यर्थी ने कहा कि जांच प्रक्रिया काफी व्यवस्थित तरीके से की जा रही है। सरकार का उद्देश्य परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराना है, इसलिए डिजिटल वॉच समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक आइटम को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। एक अन्य अभ्यर्थी ने कहा कि सुविधाएं अच्छी हैं और बायोमेट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने अपनी तैयारी को भी संतोषजनक बताया।

मिर्जापुर से आए एक उम्मीदवार ने कहा कि छात्र पूरी तैयारी के साथ परीक्षा देने आते हैं। उन्होंने भी अच्छी तैयारी की है, लेकिन परिणाम आने के बाद ही सफलता का पता चलेगा। एक अन्य परीक्षार्थी ने भी कहा कि तैयारी पूरी है, मगर अंतिम फैसला रिजल्ट के बाद ही होगा।

गाजीपुर में लेखपाल भर्ती परीक्षा जिले के 21 केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें लगभग 8,700 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। यहां भी एडमिट कार्ड की जांच और सत्यापन के बाद ही उम्मीदवारों को प्रवेश दिया गया।

यूपी के बस्ती में परीक्षा देने पहुंची एक महिला अभ्यर्थी ने बताया कि वह अपने पिता के साथ परीक्षा देने आई हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई, क्योंकि केंद्र मुख्य सड़क पर स्थित है। साथ ही उन्होंने अपनी तैयारी को अच्छा बताया।

--आईएएनएस

पीएसके