☰
×

यूपी की बेरोजगारी दर देश में सबसे बेहतर, योगी सरकार में दी 9 लाख सरकारी नौकरियां : अनिल राजभर

 

झांसी, 19 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कैबिनेट के मंत्री अनिल राजभर ने गुरुवार को श्रमिकों के कल्याण और युवाओं के रोजगार को लेकर सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार के क्षेत्र में जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे हासिल करने के लिए किए गए प्रयासों ने पूरे देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। आज उत्तर प्रदेश की बेरोजगारी दर देश में सबसे बेहतर स्थिति में है।

उन्होंने दावा किया कि देश की आजादी के बाद से लेकर अब तक प्रदेश में बेरोजगारी दर कभी इतनी बेहतर नहीं रही।

मंत्री ने पिछली सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि 2007 से 2012 के बीच की सरकार ने मात्र 39 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी थी, जबकि सपा की सरकार ने अपने कार्यकाल में 1 लाख 38 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी। इसके मुकाबले भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है। यह आंकड़ा ही सरकार की मंशा और काम करने के तरीके को स्पष्ट करता है।

अनिल राजभर ने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर पैदा किए गए हैं। बेरोजगारी की समस्या के समाधान के क्रम में 16 लाख लोगों को निजी क्षेत्र में सेवायोजित किया गया है। इसके अलावा 3 करोड़ से अधिक बेरोजगार नौजवानों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है, ताकि वे स्वयं अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। सरकार ने रोजगार मिशन की शुरुआत की है, जो आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने किया है। इस मिशन के माध्यम से युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए एक समन्वित व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रोजगार कार्यालयों में अपना पंजीकरण जरूर कराएं, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें सीधे मिल सके। उन्होंने कहा कि पंजीकरण से सरकार को भी युवाओं की योग्यता और जरूरतों के अनुसार अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

औद्योगिक विकास पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का सबसे ज्यादा फोकस औद्योगिक विकास पर है। उनका मानना है कि जब राज्य में उद्योग आएंगे और निवेश बढ़ेगा, तभी रोजगार का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और जलमार्ग जैसे बुनियादी ढांचे के विकास के कारण निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। निवेश आकर्षित करने में सरकार को उल्लेखनीय सफलता मिली है। पिछले दो वर्षों से नए कारखानों के पंजीकरण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में लगातार नंबर वन के स्थान पर है। राज्य ने इस मामले में तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे औद्योगिक रूप से अग्रणी राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। यह उत्तर प्रदेश सरकार के काम का परिणाम है, जिसकी कुछ वर्ष पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

इस दौरान आजम खान के जेल से रिहा होने और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। भारतीय जनता पार्टी 2022 से पहले से ही इस तरह से तैयारी कर रही है कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर भी चुनाव लड़े, तो भी भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आजम खान 2017 और 2022 दोनों चुनावों में समाजवादी पार्टी के साथ थे, फिर भी परिणाम सबके सामने हैं। भू-माफियाओं की तरह काम करने वाले लोग, गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वाले लोग आज संविधान की बात कर रहे हैं। जनता ने उन्हें पैदल कर दिया है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को भू-माफिया बताने वालों को आज बाबा साहेब और उनका संविधान याद आ रहा है।

यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा के झांसी दौरे और भाजपा पर धर्म की राजनीति करने के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल राजभर ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का उच्च सदन विधान परिषद कांग्रेस मुक्त है, वहां कांग्रेस का एक भी सदस्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की विधानसभा भी कांग्रेस मुक्त होने जा रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम