☰
×

यूपी की 11 शिक्षक-स्नातक सीटों पर भाजपा मारेगी बाजी, सपा कहीं दिखाई नहीं देगी : भूपेंद्र सिंह चौधरी

 

मुरादाबाद, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनावों को लेकर भरोसा जताया कि भाजपा इस बार सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रदेश के 11 स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होने जा रहा है। 23 तारीख को सभी शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने शिक्षा जगत के लिए लगातार काम किया है। शिक्षकों के हित में कई फैसले लिए गए हैं और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने का काम बिना किसी भेदभाव के किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में 10 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा, "जिस तरह से शिक्षा के क्षेत्र में और शिक्षा की बेहतरी के लिए काम हुआ है, हम उसी एजेंडे को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार भाजपा सभी 11 सीटें जीतेगी।"

मंत्री ने समाजवादी पार्टी की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सपा कहीं दिखाई भी नहीं देगी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का एजेंडा समाज में अनिश्चितता और देश में अराजकता फैलाना है। ये पार्टियां लोगों को गुमराह करके और भड़काकर समाज में जातीय द्वंद्व पैदा करती हैं। देश हित और समाज के विकास के लिए इनके पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है।

अखिलेश यादव द्वारा डबल इंजन सरकार को फेल बताए जाने वाले बयान पर मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक सिस्टम के तहत काम करती है और पार्टी की अपनी संवैधानिक प्रक्रिया है।

उन्होंने कहा कि देश में संघीय ढांचा है, जिसमें केंद्र, राज्य और जिलों - सभी की अपनी भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि केंद्र सरकार राज्यों को साथ लेकर चले। भाजपा उसी संघीय भावना के साथ सबको साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस