×

यूपी एटीएस का आजमगढ़ में बड़ा ऑपरेशन, आतंकी नेटवर्क से जुड़ा युवक गिरफ्तार

 

लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने आजमगढ़ से मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क और आईएसआई से जुड़े तत्वों के लिए काम करने का आरोप है।

एटीएस के अनुसार, पाकिस्तान स्थित हैंडलर सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को जोड़कर उन्हें धन और धार्मिक उकसावे के जरिए कट्टरपंथी बनाने तथा स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि आजमगढ़ निवासी मोहम्मद शेख व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा हुआ था और उसकी विचारधारा से प्रभावित होकर जिहाद संबंधी बातें करता था। वह अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।

एटीएस के मुताबिक, आरोपी को गैंग के हैंडलरों अजमल गुजर और रजा पाकिस्तानी द्वारा संचालित किया जा रहा था। उसे एक राजनीतिक दल की महिला नेता की हत्या करने के लिए प्रेरित किया गया था और बाद में किसी बड़े मिशन में शामिल करने का आश्वासन दिया गया था।

जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने इस योजना को अंजाम देने की तैयारी में 9 एमएम की एक पिस्टल और 4 कारतूस की व्यवस्था भी कर ली थी। गिरफ्तार आरोपी के पास से 1 पिस्टल (9 एमएम), 4 कारतूस (9 एमएम) और 1 मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एटीएस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, आरोपी को 31 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

एटीएस ने बताया कि आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की जाएगी।

--आईएएनएस

डीके/वीसी