×

नासिक में अनोखा प्रदर्शन: बोरे में 2 आवारा कुत्ते भरकर पहुंचे नगर पंचायत, अधिकारी की टेबल पर छोड़ा

 

महाराष्ट्र के नासिक में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर युवा सेना के कार्यकर्ताओं ने निफाड़ नगर पंचायत कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता दो कुत्तों के बच्चों को लेकर कार्यालय पहुंचे और उन्हें अधिकारी की टेबल पर रख दिया।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसको लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत और ज्ञापन दिया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बोरे में कुत्ते के बच्चे लेकर पहुंचे कार्यकर्ता

घटना के दौरान युवा सेना के जिला प्रमुख विक्रम रांधवे समेत अन्य कार्यकर्ता छोटे-छोटे बोरे लेकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। इसके बाद एक कार्यकर्ता ने बोरे से कुत्ते के बच्चों को बाहर निकाला और अधिकारी धीरज भामरे की टेबल पर रख दिया।

प्रदर्शन के दौरान रांधवे अपने साथ नोटों से बनी एक माला भी लेकर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने इसके जरिए प्रशासन का ध्यान आवारा कुत्तों की समस्या की ओर खींचने की कोशिश की।

बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का दावा

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि निफाड़ शहर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि कई लोगों को आवारा कुत्ते काट चुके हैं।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। इसी के विरोध में वे कुत्तों के बच्चों को नगर पंचायत कार्यालय लेकर पहुंचे।

आवारा कुत्तों की नसबंदी और नियंत्रण की मांग

युवा सेना के जिला प्रमुख विक्रम रांधवे ने इलाके में आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए अभियान चलाने और उनकी संख्या नियंत्रित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कुत्तों को पकड़ने और उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए उचित व्यवस्था करनी चाहिए।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर समस्या पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।