☰
×

अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियनशिप: रशियन बॉक्सर को मात देकर आदित्य ने जीता गोल्ड मेडल

 

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। अंडर-19 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मंगलवार को आदित्य ने पुरुषों के 55 किलोग्राम फाइनल मुकाबले में रूस के इस्लाम मैगोमेदोव को 4:1 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अंडर-19 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के इस संस्करण में भारत के लिए यह पहला गोल्ड मेडल है। भारत के नाम पहले ही दो ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित हो चुके हैं।

मोंटेनेग्रो के बुडवा में आदित्य पुरुषों के 55 किलोग्राम सेमीफाइनल में अजरबैजान के निहात गासिमोव को हराकर, अंडर-19 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपनी वेट कैटेगरी के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बॉक्सर बने थे।

एशियन अंडर-19 सिल्वर मेडलिस्ट आदित्य ने तीनों राउंड में अपना दबदबा बनाए रखा और जजों से 5:0 का फैसला अपने पक्ष में हासिल किया।

इससे पहले, महिला 80 किलोग्राम कैटेगरी में मेघा श्योकंद ने सेमीफाइनल में किर्गिस्तान की मीरिम चिनीबेकोवा को रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट (आरएससी) के जरिए हराकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की थी।

रविवार को महिला 80 किलोग्राम कैटेगरी के फाइनल में पहुंचने के लिए श्योकंद ने किर्गिस्तान की मीरिम चिनीबेकोवा को पीछे छोड़ दिया। मेघा ने पहले राउंड में शानदार प्रदर्शन किया, और दूसरे राउंड में उनकी प्रतिद्वंद्वी को तीन बार 'काउंट' (रेफरी द्वारा गिनती) का सामना करना पड़ा, जिसके बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया।

हर्षिका ने पहला ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। महिला 65 किलोग्राम कैटेगरी के सेमीफाइनल में उन्होंने यूएसए की लॉरिन एल्मोर के खिलाफ कड़ी टक्कर दी, लेकिन वे 3:2 के फैसले के साथ मुकाबला हार गईं।

प्राची टोकस ने महिला 80+ किलोग्राम कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें रूस की समीरा इतोनीवा के खिलाफ 1:4 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वे ब्रॉन्ज मेडल के साथ स्वदेश लौटेंगी। शनिवार देर शाम, हर्षिता ने महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग में आयरलैंड की ग्रेस बेली को 5:0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए एक पदक पक्का कर लिया।

--आईएएनएस

आरएसजी