अंडर-19 एशिया कप: फाइनल में रोमांचक जीत के बाद भारत कप्तान रायचंदानी बोले-यह एक उतार-चढ़ाव भरा सफर था
मस्कट, 14 नवंबर (आईएएनएस)। अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ एक विकेट से मिली रोमांचक जीत के बाद भारत के अंडर-19 कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने बताया कि टीम को अपनी बल्लेबाजी की गहराई और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर पूरा भरोसा था।
शनिवार को अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर भारत ने पाकिस्तान के 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 339 रन बनाए। फाइनल मुकाबला आखिरी गेंद तक गया, जहां मोहित उल्वा ने अहमद हुसैन की गेंद पर बाउंड्री लगाकर भारत को एक यादगार जीत दिलाई।
जीत के बाद रायचंदानी ने कहा, "यह एक उतार-चढ़ाव भरा सफर था। हमें पूरा विश्वास था कि हम लक्ष्य हासिल कर लेंगे, क्योंकि पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी। मुझे हमेशा से अपने निचले क्रम के बल्लेबाजों की क्षमता पर भरोसा था। हम लगभग 11 बल्लेबाजों के साथ खेल रहे थे।"
खिताबी जीत के बाद लक्ष्य रायचंदानी की मां लक्ष्मी रायचंदानी ने 'आईएएनएस' से कहा, "लक्ष्य के सामने कई चुनौतियां थीं, लेकिन उन्होंने उनमें से कुछ का बहुत अच्छे से सामना किया और इस मैच को जीतकर उन्होंने अपनी चुनौती पर जीत हासिल कर ली। हमें भारत की इस जीत पर बेहद खुशी है।"
भारतीय कप्तान ने लक्ष्य का पीछा करने की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 101 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे। उन्होंने आर्यवीर सहवाग के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की, जिससे भारत को एक मजबूत शुरुआत मिली। आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए।
सहवाग के आउट होने के बाद रायचंदानी ने पारी को संभाले रखा और अन्वय द्रविड़ के साथ 56 रनों की साझेदारी की। हालांकि 37वें ओवर में पाकिस्तान ने रायचंदानी और द्रविड़ दोनों को आउट करके भारत पर दबाव बना दिया।
इसके बाद भारत का स्कोर 254/8 हो गया और पाकिस्तान को खिताब जीतने के लिए सिर्फ दो विकेट और चाहिए थे। ऐसे में मनल चौहान और उल्वा ने 57 रनों की साझेदारी करके भारत की पारी को फिर से पटरी पर ला दिया। चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि उल्वा 49 रन बनाकर नाबाद रहे।
आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रनों की दरकार थी। उल्वा और चिगुरुपति वेंकट ने संयम बनाए रखा और स्थिति को ऐसी जगह ला दिया, जहां आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत थी। इसके बाद उल्वा ने विजयी चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई।
रायचंदानी ने भी फैंस को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उनसे टीम का साथ बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, "मैं फैंस को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं और उनसे गुजारिश करता हूं कि वे हमारा समर्थन करना जारी रखें।"
--आईएएनएस
आरएसजी/वीसी