×

अंडर-18 विमेंस एशिया कप: भारतीय महिला टीम ने ब्रॉन्ज मेडल पर जमाया कब्जा, कोरिया को 3-0 से दी मात

 

नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने शनिवार को जापान के काकामिगाहारा में विमेंस अंडर-18 एशिया कप 2026 में ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया। भारतीय टीम ने ब्रॉन्ज मेडल के लिए हुए मुकाबले में कोरियार को 3-0 से हराया।

संदीपा कुमारी (2वें मिनट), कैप्टन स्वीटी कुजूर (16वें मिनट) और नौशीन नाज (33वें मिनट) के गोल की मदद से भारत ने शानदार पोडियम फिनिश के साथ अपने कैंपेन का अंत किया। सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ शूटआउट में मिली करीबी हार से वापसी करने के इरादे से उतरी भातरीय टीम ने शानदार शुरुआत की और पहले दो मिनट में ही बढ़त बना ली। संदीपा कुमारी (2वें मिनट) ने गोल के सामने शानदार संयम दिखाया और बेहतरीन फिनिश करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।

भारत ने गेंद पर दबदबा बनाए रखा और अटैकिंग सर्कल में मौके बनाए। टीम को सफलता मैच के 16वें मिनट में मिली, जब कप्तान स्वीटी कुजूर (16वें मिनट) ने फील्ड गोल करके दूसरे क्वार्टर में भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दो गोल की आसान बढ़त के साथ ही भारत ने ब्रेक के बाद भी कंट्रोल बनाए रखा और 33वें मिनट में अपनी बढ़त और 3-0 कर दी। टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर, नौशीन नाज (33वें मिनट), ने एक जबरदस्त फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया, जिससे प्रतियोगिता में उनके गोलों की संख्या 12 हो गई और स्कोरिंग चार्ट में टॉप पर उनकी जगह और मजबूत हो गई है।

भारत पूरे मुकाबले में डिफेंस में अनुशासन में रहा। टीम ने कोरिया को गोल करने का कोई भी मौका नहीं दिया और काउंटर अटैक पर भी दबदबा बनाए रखा। भारत के डिफेंस ने क्लीन शीट बनाई रखी और टीम आसान जीत दर्ज करने में सफल रही। अपने शानदार प्रदर्शन और शुरुआती गोल के लिए संदीपा कुमारी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। ब्रॉन्ज मेडल के साथ विमेंस अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारत के कैंपेन का एक मजबूत अंत हुआ।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम