×

'उम्मीद स्कीम' के तहत हैंडीक्राफ्ट प्रोडक्ट बनाने वाली 'लखपति दीदियों' ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

 

जम्मू, 17 सितंबर (आईएएनएस)। भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर के पास रहने वाली महिलाओं ने एनआरएलएम 'उम्मीद स्कीम' के तहत अपने मैक्रैम हैंडीक्राफ्ट प्रोडक्ट को लेकर आईएएनएस से बातचीत की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि वे पिछले तीन सालों से इस स्कीम से जुड़ी हुई हैं और उन्हें गर्व है कि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन पाई हैं और इस पहल के जरिए "लखपति दीदी" के तौर पर काम कर रही हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि ऐसी स्कीमों ने बॉर्डर इलाकों की महिलाओं को रोजी-रोटी कमाने और अपनी कला दिखाने का मौका दिया है। महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई भी दी और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी, खासकर युवा पीढ़ी के लिए।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए 'उम्मीद स्कीम' को लेकर क्लस्टर कोऑर्डिनेटर प्रीति देवी ने कहा, "यह मेरे लिए अच्छा मौका है। मैं खुशनसीब हूं कि इस स्कीम के साथ जुड़ी हुई हूं। वर्ष 2018 में हम इस स्कीम के साथ जुड़े, इससे पहले हमारी कोई पहचान नहीं थी। आज हमको 'लखपति दीदी' के नाम से जाना जाता है। जिससे हमको खुशी होती है कि 'उम्मीद स्कीम' के साथ जुड़कर हमने अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री ने हम लोगों के लिए काफी अच्छी स्कीम लाई है। ग्रामीण महिलाओं को घर से बाहर आकर अपने हुनर को दिखाने के लिए और अच्छी स्कीम आनी चाहिए।

सदस्य पूनम जम्वाल ने कहा कि 'उम्मीद स्कीम' के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए हम महिलाओं को एक अच्छा प्लेटफॉर्म मिला है। घर पर ही हम लोग काम कर लेते हैं। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं, क्योंकि मैंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। घर पर जब मैं फ्री रहती हूं तो हैंडमेड प्रोडक्ट्स ही बनाती हूं। प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बहुत मुबारकबाद। मेरा यही कहना है कि महिलाओं के लिए और अच्छी योजनाएं लाएं। जिससे महिलाएं आगे बढ़ें और उनको आय का स्रोत मिल सके।

सदस्य रिंकू देवी ने कहा कि 'उम्मीद स्कीम' आने की वजह से हम लोगों को लग रहा है कि हम लोग भी पढ़े-लिखे हैं और हमारा भी कुछ टैलेंट है, जिसे हम बाहर दिखा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। जब से प्रधानमंत्री मोदी शासन में आए हैं, तब से यहां कोई गोला-बारूद नहीं चला है, पहले बहुत ज्यादा होता था। पहले हम लोगों ने डर के मारे घर भी नहीं बनाया था। अब हम लोगों ने घर बना लिया है और ठीक से रहते हैं। जब हमारे सामानों की बिक्री होती है तो खुशी होती है। पहले हमारे पास कुछ भी नहीं था, अब पैसा आता है तो लगता है कि और ज्यादा काम करूं।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम