यूक्रेन में नागरिकों और महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बना रहा रूस: जेलेंस्की
नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। रूस लगातार यूक्रेन पर हमलावर बना हुआ है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि पावलोहराद में रूसी सेना के हवाई बमों से एक औद्योगिक परिसर पर हुए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि रूस बार-बार रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, ''अभी तक की जानकारी के मुताबिक, पावलोहराद में रूसी सेना के हवाई बमों से एक औद्योगिक परिसर पर हुए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई है। मैं उनके परिवारों और अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस हमले में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने खेरसोन पर भी हवाई बमों से हमला किया। इस हमले में कई अपार्टमेंट इमारतें और सामान्य रिहायशी घर, क्षेत्रीय बच्चों का क्लिनिकल अस्पताल और कई शैक्षणिक संस्थान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहां भी कई लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि रूस ने सूमी और खार्कीव क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाया। ओडेसा पर भी मिसाइलों से हमला किया गया।
उन्होंने कहा कि रूस हर दिन हमारे लोगों को आतंकित करना जारी रखे हुए है। वह यूक्रेन के खिलाफ हवाई बम, मिसाइलें और ड्रोन जैसे अलग-अलग तरह के हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है। ऐसे हालात में यह बेहद जरूरी है कि हम इसका मजबूती से मुकाबला कर सकें।
जेलेंस्करी ने कहा कि हमारे साझेदार जानते हैं कि इसके लिए किन उपायों की जरूरत है। सबसे अहम बात यह है कि 'पैट्रियट' वायु रक्षा प्रणाली के लिए मिसाइलों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। यह बात हमारे साझेदारों तक पहुंचना बहुत जरूरी है। हम इस दिशा में हर स्तर पर, 24 घंटे काम कर रहे हैं।
वहीं, यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने कहा कि यूरोपीय संघ ने रूस के खिलाफ 21वें प्रतिबंध पैकेज पर सहमति बना ली है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने रूस के खिलाफ यूरोपीय संघ के 21वें प्रतिबंध पैकेज पर हुए समझौते का स्वागत किया है।
काजा कल्लास के मुताबिक, नए प्रतिबंध रूस की अर्थव्यवस्था और युद्ध चलाने की क्षमता को कमजोर करने के लिए हैं। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर आगे और कड़े कदम भी उठाए जा सकते हैं।
वहीं, उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि नए प्रतिबंधों का उद्देश्य रूस की युद्ध क्षमता को आर्थिक रूप से कमजोर करना और यूक्रेन के समर्थन को और मजबूत करना है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी