×

उज्जैन जमीन मामले को लेकर कांग्रेस का मध्य प्रदेश विधानसभा में हंगामा

 

भोपाल 20 जुलाई (आईएएनएस) मध्य प्रदेश विधानसभा में उज्जैन जमीन खरीदी मामले पर कांग्रेस ने चर्चा कराए जाने की मांग की और कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया । राज्य विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया और कांग्रेस इस सत्र में आक्रामक रूख अपनाए हुए हैं । कांग्रेस की ओर से स्थगन के जरिए उज्जैन जमीन खरीदी मामले पर चर्चा कराए जाने की मांग की गई । कांग्रेस की इस मांग पर जमकर हंगामा हुआ कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच तीखी नोक झोंक भी हुई।

स्थगन को लेकर कांग्रेस विधायक और संसदीय कार्य मंत्री के बीच में काफी बहस हुई, बाद में तो कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की और वे सदन से बाहर चले गए । विधानसभा से बाहर निकले कांग्रेस विधायकों ने जमकर नारेबाजी की और स्थगन पर चर्चा न कराए जाने का आरोप लगाया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि उज्जैन में जमीन खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव पर आरोप लगे हैं और उन्हें इन आरोपों का जवाब देना चाहिए । नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने आगे कहा कि उज्जैन में सिंहस्थ होने वाला है और अगर वहां घोटाले के आरोप लग रहे हैं तो उसका जवाब दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इसी को लेकर कांग्रेस की ओर से विधानसभा में स्थगन लाया गया लेकिन संसदीय कार्य मंत्री ने व्यवस्था का हवाला दिया। हालांकि सच्चाई यह है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव पर लगे आरोपों से राज्य की छवि धूमिल हो रही है, इसलिए मुख्यमंत्री को इस मामले पर जवाब देना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम