×

उज्जैन: 12 घंटे से बोरवेल में फंसा मासूम बच्चा, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें रेस्क्यू में जुटीं

 

उज्जैन, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक तीन साल का बच्चा लगभग 12 घंटे से बोरवेल में फंसा हुआ है। रातभर चले ऑपरेशन में प्रशासन को सफलता नहीं मिली। फिलहाल, जिला प्रशासन के साथ एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) और एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, उज्जैन के बड़नगर इलाके के झलारिया गांव में अपने परिवार के साथ भेड़ चराते समय 3 साल का एक बच्चा बोरवेल में गिर गया। बच्चे के पता लगभग 75 फीट की गहराई पर चला है। सुरंग खोदने का काम चल रहा है। बचाव कार्य जारी रहने के दौरान परिवार घटनास्थल के पास ही बैठा है।

जिला प्रशासन ने घटना के कुछ घंटे बाद ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था। कई मशीनें मौके पर बुलाई गईं और बोरवेल के आसपास दूसरा गड्ढा खोदा गया। हालांकि, शुक्रवार सुबह तक बच्चा बोलवेल में ही फंसा रहा।

उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, "गुरुवार रात करीब 9 बजे से झालरिया गांव में बचाव अभियान जारी है। भेड़ों को चराने के लिए अपने परिवार के साथ आया 3 साल का एक बच्चा बोरवेल में गिर गया था। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।"

उन्होंने आगे बताया कि रेस्क्यू टीम ने बच्चे की हलचल पर नजर रखने के लिए बोरवेल में एक कैमरा और अन्य डिवाइस डाले हैं। लगातार प्रयास जारी हैं कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाए।

एक रिश्तेदार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि उनका बच्चा एक बोरवेल में गिर गया। उन्होंने कहा, "यह घटना तब हुई जब बच्चा एक बोरवेल में गिर गया। शायद उसने बोरवेल के खुले मुंह को बाल्टी जैसा कोई खुला बर्तन समझ लिया था। यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई। बच्चा गलती से खुले बोरवेल में गिर गया। हमें घटनास्थल से दूर डेरा डाल कर रह रहे हैं, जब हमें घटना की जानकारी मिली तो हम यहां आए।"

--आईएएनएस

डीसीएच/