×

यूआईडीएआई में इंटर्नशिप का सुनहरा मौका, 28 पदों के लिए 15 अप्रैल तक करें आवेदन

 

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। आधार कार्ड जारी करने वाली संस्था भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के साथ जुड़ने से अपने शानदार करियर की शुरुआत करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने इंटर्न के कुल 28 पदों पर वैकेंसी की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

यूआईडीएआई की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

यूआईडीएआई ने इंटर्न के जिन 28 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें बी(टेक)/बीई और एमटेक के 10+4, बैचलर ऑफ डिजाइन (बी-डेस) के 2, मास्टर ऑफ डिजाइन (एम-डेस) के 4, बैचलर ऑफ मैथेमेटिक्स (बी-मैथ्स)/बैचलर ऑफ स्टैटिस्टिक्स (बी-स्टेट) के 4 और मास्टर ऑफ साइंस इन मैथमेटिक्स (एम-मैथ्स)/मास्टर ऑफ स्टैटिस्टिक्स (एम-स्टेट) के 4 पद शामिल हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित स्किल का होना भी अनिवार्य है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को यूआईडीएआई इंटर्नशिप नीति के अनुसार प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित वैकेंसी के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक लिंक के माध्यम से आवेदन करें। वहीं, भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए कैंडिडेट्स नोटिफिकेशन के अंत में दिए गए लिंक पर क्लिक कर, योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

--आईएएनएस

डीके/एएस