यूजीसी-नेट जून की अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम इसी सप्ताह होंगे जारी
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) यूजीसी-नेट के 84 विषयों की अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम इसी सप्ताह जारी करने जा रहा है। इसके साथ ही संयुक्त सीएसआईआर-नेट तथा आईसीएआर एआईईईए (पीजी) और एआईसीई (पीएचडी) 2026 की अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम भी इसी सप्ताह जारी किए जाएंगे। एनटीए ने 26 अगस्त को यह जानकारी साझा की।
एजेंसी ने उम्मीदवारों से कहा है कि परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी से संबंधित जानकारी के लिए केवल एनटीए की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। यूजीसी-नेट जून 2026 की प्रारंभिक उत्तर कुंजी पहले जारी की जा चुकी है। उम्मीदवारों को प्रारंभिक उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया गया था। अब प्राप्त आपत्तियों की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जा रही है। इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर परिणाम तैयार किया जाएगा।
एनटीए के ताजा अपडेट के अनुसार, यूजीसी-नेट जून 2026 के 84 विषयों के परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। परिणाम के आधार पर उम्मीदवारों की कनिष्ठ अनुसंधान फेलोशिप, सहायक प्रोफेसर और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता निर्धारित होगी। हालांकि, एनटीए ने अभी परिणाम जारी करने की निश्चित तारीख और समय की घोषणा नहीं की है।
फिलहाल एजेंसी ने केवल इतना कहा है कि परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी इसी सप्ताह वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। यूजीसी-नेट के साथ संयुक्त सीएसआईआर-नेट तथा आईसीएआर एआईईईए (पीजी) और एआईसीई (पीएचडी) 2026 की अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम भी इसी सप्ताह जारी किए जाने हैं। इससे इन परीक्षाओं में शामिल उम्मीदवारों का इंतजार भी खत्म होने की उम्मीद है। उम्मीदवार अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम जारी होने के बाद एनटीए की संबंधित आधिकारिक वेबसाइट पर अपने विवरण के माध्यम से इसे देख सकेंगे।
गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, उत्तर कुंजी को चुनौती देने की प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू होकर 18 अगस्त की रात 11 बजकर 59 मिनट तक जारी रही। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई थी कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही अपनी आपत्तियां दर्ज करें। एनटीए का कहना है कि समय सीमा समाप्त होने के उपरांत अब फाइनल आंसर की जारी की जाएगी।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीएससी