यूजीसी लागू होना चाहिए, सामान्य वर्ग के बच्चों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए : संजय निषाद
लखनऊ, 25 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने यूपी कैबिनेट मीटिंग, सीईसी ज्ञानेश कुमार, यूपी चुनाव पर अखिलेश यादव के दावे सहित कई मामलों में प्रतिक्रिया दी है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए कैबिनेट बैठक को लेकर संजय निषाद ने कहा, "मैं सीएम योगी का धन्यवाद करता हूं। उत्तर प्रदेश को सबसे अच्छा राज्य बनाने के लिए जो भी प्रस्ताव आते हैं, उन्हें छोटे-मोटे बदलावों के साथ मंजूरी दे दी जाती है। अगर किसी प्रस्ताव पर और सोचने की जरूरत होती है, तो उसे दोबारा विचार करने के लिए रोक दिया जाता है। वर्ल्ड फिश सेंटर को लेकर भी विभाग का एक प्रस्ताव है, मुझे लगता है कि उसे भी मंजूरी मिल जाएगी।"
हिजाब को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले पर संजय निषाद ने कहा, "देश की आधी आबादी महिलाओं की है। अगर देश संविधान से चलता है, तो महिलाओं को आजादी, बराबरी, सम्मान, खुशहाली, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा का अधिकार है। ये संविधान के तहत मौलिक अधिकार हैं, इसलिए महिलाओं को यह तय करने का भी अधिकार है कि वे क्या पहनें, कहां बैठें और क्या लिखें।"
सीईसी ज्ञानेश कुमार के बयान पर मंत्री संजय निषाद ने कहा, "मुझे लगता है कि चुनाव आयोग को इस पर विचार करना चाहिए। वोटर लिस्ट सिर्फ एक ही होनी चाहिए। जब व्यक्ति एक ही है और उसी गांव या शहर में वोट देता है, तो लिस्ट भी एक ही होनी चाहिए। चाहे ग्राम सभा का चुनाव हो, विधानसभा का, लोकसभा का या कोई और चुनाव। चुनाव तो चुनाव होता है और वोट तो वोट होता है। इसलिए, वोटर लिस्ट एक ही होनी चाहिए और मुझे लगता है कि इस मामले में एकरूपता लाने की जरूरत है।"
यूजीसी को लेकर संजय निषाद ने कहा, "यूजीसी लागू होना चाहिए0 लेकिन ऊंची जातियों के बच्चों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उनके बच्चे भी बच्चे ही हैं और वे मासूम हैं। इसलिए, ऊंची जातियों के बच्चों की सुरक्षा के लिए भी इंतजाम होना चाहिए। उनके लिए भी कुछ प्रावधान किए जाने चाहिए।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम