उधमपुर में नाबालिग लड़की का अपहरण, मात्र दो घंटे में पुलिस ने सकुशल कराया मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
उधमपुर, 25 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में पुलिस ने 8 वर्षीय लड़की के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे के अंदर बच्ची को सुरक्षित बचा लिया। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 25 मई को टिकरी पंगेरी निवासी सिंदूर सिंह ने पुलिस स्टेशन रेहम्बल में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 8 वर्षीय बेटी श्वांशी देवी को स्कूल जाते समय कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने अगवा कर लिया। शिकायत मिलते ही पुलिस स्टेशन रेहम्बल की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, टीम का नेतृत्व एसएचओ इंस्पेक्टर परषोत्तम शर्मा कर रहे थे।
पुलिस ने तलाशी अभियान चलाते हुए पंजीकरण संख्या एचपी64ए-9928 वाले संदिग्ध वाहन को खून-बट्टल नामक स्थान पर रोका और नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने गंजा सिंह निवासी रामबन, रीता देवी, दीप राम निवासी सोलन (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने किस मकसद से बच्ची का अपहरण किया।
इसी के साथ ही साथ तीनों के अपराध रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। दूसरी ओर बच्ची के सकुशल मिलने से परिवार में खुशी लौट आई है। परिवार के लोगों ने स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को आभार जताया है।
दूसरी ओर बेंगलुरु में लापता हुए तीन साल के एक बच्चे को बेंगलुरु सिटी पुलिस की तेज कार्रवाई के बाद सुरक्षित बचा लिया गया और उसके माता-पिता से मिला दिया गया। पुलिस विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 मई को शाम करीब 6:02 बजे रिपोर्ट की गई थी, जब एक ट्रैवल ऑफिस के प्रतिनिधि ने 'नम्मा 112' इमरजेंसी हेल्पलाइन पर संपर्क किया और अधिकारियों को बताया कि वह बच्चा, जो अपने माता-पिता के साथ यात्रा कर रहा था, ऑफिस परिसर के पास से लापता हो गया है।
इस अलर्ट पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, 'नम्मा 112' कंट्रोल रूम ने उप्परपेट पुलिस स्टेशन से जुड़ी 'होयसला-77' गश्ती इकाई को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के 16 मिनट के भीतर ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया जिसके बाद पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सौंप दिया।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी