उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर सियासी संग्राम, भाजपा-जदयू ने बताया आपराधिक मामला, कांग्रेस ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
पटना, 24 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस द्वारा इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी होने पर बिहार की सियासत तेज हो गई है। विपक्ष जहां एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को सही ठहरा रहा है, तो वहीं एनडीए के नेताओं का दावा है कि यूथ कांग्रेस ने प्रोटेस्ट कर देश की छवि को धूमिल करने की कोशिश की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता तार किशोर प्रसाद ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कहा कि यह एक आपराधिक मामला है। भारत की छवि को खराब करने के लिए कांग्रेस के गुर्गे गए थे। स्वाभाविक है कि यह एक आपराधिक मामला है और पुलिस कार्रवाई कर रही है।
भाजपा नेता नीरज सिंह बबलू ने कहा कि देश में और दिल्ली में सुशासन की सरकार है। कोई भी व्यक्ति अगर गड़बड़ी करने का प्रयास करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस यूथ विंग ने तो देश को शर्मसार करने का काम किया है। ऐसे लोगों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा होना चाहिए और जेल भेजना चाहिए।
जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि राष्ट्र का सम्मान सबसे बड़ी चीज है। देश में जब कोई अतिथि आता है तो हम उसके सामने अपने अंदर की चीजें भूलकर एकजुट होते हैं। जिस तरह कांग्रेस ने एआई समिट में व्यवहार किया, वह शर्मनाक और निंदनीय था। पुलिस को अगर जांच में यह पता चला कि वह मास्टरमाइंड हैं, तो कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेता मनोज विश्वास ने कहा कि जब लोग न्याय मांगने, अधिकार मांगने जाते हैं, तो पुलिस द्वारा उन्हें रोका जाता है और उन पर एक्शन लिया जाता है। यह परंपरा गलत है। यूथ कांग्रेस और हम सभी लोग इस पर बात कर रहे हैं।
बिहार में दफादार-चौकीदारों के प्रदर्शन पर बीएसपी नेता सतीश कुमार ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है। अभी दफादार-चौकीदारों ने जब प्रदर्शन किया तो उस पर पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया। विरोध प्रदर्शन अधिकार है, आप लाठी से किसी को दबा नहीं सकते।
उन्होंने पांच राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव को लेकर कहा कि अभी हमारा निर्णय नहीं हुआ है। पार्टी का जब निर्णय होगा, देखा जाएगा। अभी हम न महागठबंधन में हैं और न ही एनडीए में हैं। हमारी पार्टी तो अकेले लड़ी है। हमारा प्रयास है कि तीसरा मोर्चा खड़ा किया जाए। उसे हम लड़ाएं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी