यूसीएमएस में सीनियर डेमोंस्ट्रेटर/सीनियर रेजिमेंट के 59 पदों पर नौकरी का मौका, इस तारीख तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज (यूसीएमएस) दिलशाद गार्डन, दिल्ली ने भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा अनुमोदित निवास योजना के अंतर्गत 3 वर्ष की अवधि के लिए महाविद्यालय के विभिन्न विभागों में सीनियर डेमोंस्ट्रेटर/सीनियर रेजिमेंट के कुल 59 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
यूसीएमएस की ओर से जारी 59 पदों में एनेस्थिसियोलॉजी के 2, एनाटॉमी के 7, बायोकेमिस्ट्री के 2, कम्युनिटी मेडिसिन के 3, डर्मेटोलॉजी और वेनेरोलॉजी के 2, फोरेंसिक मेडिसिन के 5, जनरल मेडिसिन के 3, जनरल सर्जरी के 2, माइक्रोबायोलॉजी के 2, ऑब्सट्रक्टिव एंड गायनेकोलॉजी के 4, ऑर्थोपेडिक्स के 1, ओटो-राइनो-लैरिंगोलॉजी के 2, बाल रोग के 2, डेंटिस्ट्री (पेडोडोंटिक्स और प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री यूनिट) (ऑर्थोडोंटिक्स और डेंटोफेशियल ऑर्थोपेडिक्स) के 3, पैथोलॉजी के 4, फार्माकोलॉजी के 6, फिजियोलॉजी के 5, साइकेट्री का 1, रेडियो-डायग्नोसिस के 2 और रेस्पिरेटरी मेडिसिन का 1 पद शामिल हैं।
ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 14 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे यूसीएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या डिप्लोमा, शरीर रचना विज्ञान, शरीर क्रिया विज्ञान, जैव रसायन विज्ञान, औषध विज्ञान और सूक्ष्म जीव विज्ञान के लिए एमएससी (मेडिकल); और दंत चिकित्सा के लिए एमडीएस की डिग्री होनी चाहिए।
अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन आवेदन, साक्षात्कार, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 44,900 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांगजन और महिला आवेदकों के लिए 250 रुपए तय किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूसीएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें।
लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/वीसी