×

धर्म एक संविधान है, उसमें दखलंदाजी बिल्कुल ठीक नहीं है : अबू आजमी

 

मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड के बाद गुजरात दूसरा राज्य बन गया है, जहां यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू किया गया है। यूसीसी को लेकर महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि हम लोग इस कानून को बिल्कुल पसंद नहीं करेंगे।

मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि क्रिमिनल लॉ सबके लिए बराबर है। चाहे किसी भी धर्म के हों। लेकिन, कुछ ऐसी चीजें हैं, जो लोग अपने धर्म के मुताबिक करते हैं। साउथ इंडिया में शादी करने का अपना तरीका है, मुसलमानों में भी आप देख सकते हैं, उनका तरीका अलग है।

उन्होंने कहा कि कुरान शरीफ के मुताबिक मुसलमान अपनी प्रॉपर्टी का बंटवारा करते हैं। अब उसके अंदर इंटरफेयर करना ठीक नहीं है। मैं समझता हूं कि यह मजहब में दखलअंदाजी है। सरकार बहुमत के बल पर, अहंकार के बल पर, जो चाहे बिल ला दे, लेकिन मैं समझता हूं कि यह एक नाइंसाफी होगी। संविधान में कहीं न कहीं बदलाव होता रहता है, कानून बदलता रहता है, लेकिन धर्म का जो एक संविधान है, उसमें इंटरफेयर करना मैं समझता हूं कि बिल्कुल ठीक नहीं है।

अबू आजमी ने कहा कि कानून बन गया है, देखना है क्या होता है। इसके अंदर कई जगहों पर आदिवासियों को बाहर रखा हुआ है। इसलिए हम इस कानून को बिल्कुल पसंद नहीं करेंगे।

महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम रहे अजित पवार प्लेन क्रैश मामले में कर्नाटक में दर्ज हुई एफआईआर पर अबू आजमी ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है और मैं बधाई देना चाहता हूं रोहित पवार को, जिनकी मेहनत रंग लाई। हमारे लिए शर्म की बात है, अफसोस की बात है कि अजित पवार जैसे बड़े नेता जिनके मामले में महाराष्ट्र में एफआईआर नहीं हो रही है। जनता जानना चाहती है कि क्यों दर्ज नहीं हो रही है? अगर यह नेचुरल एक्सीडेंट है, तो कोई बात नहीं, ऊपरवाले ने नसीब में लिखा था। लेकिन अगर जांच हो जाए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए, तो इसमें बुरी बात क्या है। इसे छुपाया क्यों जा रहा है?

उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि यह अजित पवार के साथ एक नाइंसाफी है कि उनकी एफआईआर यहां नहीं हो रही थी और एफआईआर कर्नाटक में हुई है। अब मैं चाहूंगा कि बहुत ही ईमानदारी के साथ इसकी जांच हो और दूध का दूध, पानी का पानी जनता के सामने आए।

24 अकबर रोड खाली करने के नोटिस पर अबू आजमी ने कहा कि यह तो अफसोस की बात है कि कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी को भाजपा बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। सत्ता के अहंकार में लोग जो चाहे, कर रहे हैं। मैं समझता हूं कि यह बिल्कुल गलत है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम