×

यूएई एयर ड‍िफेंस स‍िस्‍टम ने तबाह क‍िया ईरानी ड्रोन

 

नई द‍िल्‍ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। यूएई की वायु रक्षा प्रणालियों ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए ईरानी यूएवी (ड्रोन) को रोककर नष्ट कर दिया, जो देश को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। यह घटना देश की सुरक्षा और संप्रभुता की अडिग प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जहां यूएई सशस्त्र बल हर संभावित खतरे से निपटने के लिए सतत तैयार हैं।

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स अकाउंट से एक वीड‍ियो जारी क‍िया गया। इस वीड‍ियो में संयुक्त अरब अमीरात के एयर ड‍िफेंस स‍िस्‍टम ने ईरानी यूएवी (ड्रोन) को पर न‍िशाना साधते हुए उसको मार ग‍िराया।

इस कार्रवाई के बाद संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा क‍ि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के मामले में कोई समझौता नहीं किया जा सकता। ईरानी यूएवी (ड्रोन) देश को निशाना बनाने की कोशिश में था, ज‍िसे मार ग‍िराया गया। यूएई सशस्त्र बल किसी भी खतरे को रोकने के लिए हमेशा तैयार हैं।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने पड़ोसी देशों पर जवाबी कार्रवाई शुरू की। रव‍िवार को हुए हमलों में संयुक्त अरब अमीरात में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है। यूएई के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक मृतकों में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं।

मंत्रालय की ओर से बताया गया क‍ि हमलों में मारे गए चार लोग पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक थे। अमीराती, मिस्र, सूडानी, इथियोपियाई, फिलिपिनो, पाकिस्तानी, ईरानी, ​​भारतीय, बांग्लादेशी, श्रीलंकाई, अजरबैजानी, यमनी, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनानी, अफगान, बहरीनी, कोमोरियन और तुर्की के 112 लोग मामूली या आंशिक रूप से घायल हुए।

मंत्रालय के अनुसार, अब तक यूएई पर 238 बैलिस्टिक मिसाइल, 1,422 ड्रोन और 8 क्रूज मिसाइल बरसाए गए हैं। उनमें से 1,342 को रोक दिया गया, जबकि 80 ड्रोन देश के इलाके में गिरे। रविवार को देश ने 17 बैलिस्टिक मिसाइल और 117 ड्रोन का पता लगाया। इनमें से 16 मिसाइल और 113 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर लिया गया, जबकि एक मिसाइल और चार ड्रोन समुद्र में गिर गए।

यूएई में ब‍िगड़े हालातों के चलते यूएई में भारतीय दूतावास ने भी आज एडवाइजरी जारी कर किसी भी तरह की घटनाओं का वीडियो या फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करने से मना किया है। एडवाइजरी में कहा गया, "यूएई के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर कोई भी व्यक्ति घटनास्थल या मना की गई जगहों या एयरपोर्ट के अंदर बिना इजाजत के फिल्म बनाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

भारतीय दूतावास ने कहा, "अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानूनी नतीजों से बचने के लिए, सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इन बातों का सख्ती से पालन करें। जब आपको कोई चेतावनी का अलर्ट सुनाई दे, तो तुरंत किसी सुरक्षित जगह पर चले जाएं और तब तक वहीं रहें जब तक आपके इलाके के लिए चेतावनी का अलर्ट हटा न दिया जाए। फोटो लेने और वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए बाहर जाने की कोशिश न करें।

--आईएएनएस

एवाई/एमएस