×

टाइप-2 डायबिटीज से संभव है बचाव, अपनाएं ये 4 आसान उपाय

 

नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। आज के समय में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने टाइप 2 डायबिटीज और उससे जुड़ी जटिलताओं से बचाव के लिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी है।

संगठन का कहना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके इस गंभीर बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। डब्ल्यूएचओ का मानना है कि यदि लोग इन सरल उपायों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें, तो टाइप 2 डायबिटीज के बढ़ते मामलों को रोका जा सकता है। जागरूकता और सही जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी से बचाव संभव है।

डब्ल्यूएचओ के अनुसार, सबसे महत्वपूर्ण बात है शरीर का वजन संतुलित रखना। बढ़ता हुआ वजन डायबिटीज के खतरे को बढ़ा सकता है, इसलिए नियमित रूप से अपने वजन पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर उसे नियंत्रित करना बेहद जरूरी है।

इसके साथ ही शारीरिक रूप से सक्रिय रहना भी उतना ही अहम है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि हर व्यक्ति को रोजाना कम से कम 20 से 30 मिनट व्यायाम करना चाहिए। इसमें तेज चलना, साइकिल चलाना या हल्का-फुल्का खेलकूद शामिल हो सकता है। नियमित व्यायाम शरीर में इंसुलिन के प्रभाव को बेहतर बनाता है और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करता है।

खानपान की भूमिका भी डायबिटीज की रोकथाम में बेहद महत्वपूर्ण है। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि संतुलित और पौष्टिक आहार लेना चाहिए, जिसमें फल, सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन शामिल हों।

वहीं, अधिक चीनी और सैचुरेटेड फैट वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनानी चाहिए, क्योंकि ये शरीर में शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा, तंबाकू का सेवन भी डायबिटीज और उससे जुड़ी जटिलताओं के खतरे को बढ़ाता है। इसलिए लोगों को तंबाकू से पूरी तरह परहेज करने की सलाह दी गई है। तंबाकू छोड़ने से न केवल डायबिटीज का खतरा कम होता है, बल्कि दिल और फेफड़ों की सेहत भी बेहतर रहती है।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम