त्योहारों को लेकर आगरा पुलिस अलर्ट, बाजारों से संवेदनशील इलाकों तक बढ़ाई गई सुरक्षा; पुलिस आयुक्त ने दी शुभकामनाएं
आगरा, 8 नवंबर (आईएएनएस)। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में कमिश्नरेट आगरा में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। शहर से लेकर छोटे कस्बों तक प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के अवसर पर आगरा के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देशों के अनुपालन में त्योहारों के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर पुलिस उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने में भी सहयोग करेगी। उन्होंने नागरिकों से त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
आगरा पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी साझा की। पुलिस ने लिखा, 'आपकी खुशियां, हमारी जिम्मेदारी।' दीपावली पर्व के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त के निर्देशन में कमिश्नरेट के सभी थानों पर तैनात पुलिस बल अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर पैदल गश्त कर रहा है। इस दौरान प्रमुख मार्गों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव बनाए रखने के साथ शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मलपुरा क्षेत्र में भी पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। पुलिस टीम ने कस्बा मलपुरा, धनौली, इटौरा और ककुआ सहित आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पैदल मार्च में एसीपी सैंया जसवीर सिरोही, प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, निरीक्षक इजहार अहमद और थाने का पुलिस बल शामिल रहा।
इसके साथ ही त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी कर रही है। आगरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
--आईएएनएस
एसएके/एएस