त्योहार पर रेलवे की सौगात, भागलपुर से आनंद विहार के लिए चलेंगी दो वन-वे अनारक्षित विशेष ट्रेनें
कोलकाता, 9 नवंबर (आईएएनएस)। त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। पूर्वी रेलवे ने भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के लिए दो वन-वे अनारक्षित विशेष ट्रेनें और साहिबगंज से भागलपुर के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इन ट्रेनों से दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, 04455 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल वन-वे अनारक्षित विशेष ट्रेन 10 नवंबर को शाम 7 बजे भागलपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस के मार्ग और ठहराव से होकर गुजरेगी। इस ट्रेन में अनारक्षित कोच होंगे, जिससे आम यात्री बिना रिजर्वेशन के भी यात्रा कर सकेंगे।
वहीं, दूसरी विशेष ट्रेन 04477 भागलपुर – आनंद विहार टर्मिनल वन-वे अनारक्षित विशेष ट्रेन भी 10 नवंबर को ही रात 9 बजकर 30 मिनट पर भागलपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन भी विक्रमशिला एक्सप्रेस के मार्ग और ठहराव से होकर गुजरेगी। दोनों ट्रेनों के चलने से भागलपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी, क्योंकि त्योहारों के समय इस रूट पर ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है।
इसके अलावा, पूर्वी रेलवे ने दीपावली और छठ पर्व के दौरान साहिबगंज और भागलपुर के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 11 नवंबर को और फिर 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक चलेगी।
03453 साहिबगंज- भागलपुर विशेष ट्रेन साहिबगंज से शाम 5 बजे रवाना होगी और शाम 6 बजकर 45 मिनट पर भागलपुर पहुंचेगी। वहीं, 03454 भागलपुर - साहिबगंज विशेष ट्रेन भागलपुर से रात 8 बजे रवाना होगी और रात 10 बजे साहिबगंज पहुंचेगी। यह ट्रेन साहिबगंज और भागलपुर के बीच रास्ते में पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे छोटे स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को कन्फर्म टिकट न मिलने की परेशानी से राहत मिल सके और वे सुरक्षित व आरामदायक यात्रा कर सकें।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें। स्टेशन पर साफ-सफाई बनाए रखें और अनावश्यक भीड़ से बचें। रेलवे ने यह भी कहा है कि भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी