×

ट्विशा शर्मा केस : कोर्ट में पति समर्थ सिंह, ट्विशा के वकील का आरोप, 'ज्यूडिशियरी उनके सपोर्ट में है'

 

भोपाल, 22 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मॉडल और एक्टर ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल केस में अब बड़ा मोड़ तब आया, जब मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत में पहुंचे।

काफी दिनों से फरार चल रहे समर्थ सिंह के सामने आने के बाद अब इस पूरे मामले में जांच और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। समर्थ सिंह के वकील के मुताबिक, उन्होंने पहले अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ली और उसके बाद अदालत में आत्मसमर्पण करने का फैसला किया।

समर्थ सिंह के वकील सौरभ सुंदर ने मीडिया से कहा, "मुझे 5 मिनट दीजिए, वह सरेंडर करने के लिए यहीं मौजूद है। वह सरेंडर करेगा। हम सीजेएम के समक्ष एक अर्जी दाखिल कर रहे हैं। हम अर्जी दाखिल करेंगे, उसका जो भी नतीजा होगा, हम आपको बता देंगे। बस 5 मिनट इंतजार कीजिए।"

समर्थ सिंह अपनी पहचान छुपाने के लिए चश्मा, मास्क और टोपी पहने हुए थे। जब अदालत परिसर में मौजूद पत्रकारों ने उनसे ट्विशा शर्मा की मौत, दहेज प्रताड़ना और उन पर लगे आरोपों को लेकर सवाल पूछे, तो उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और पूरी तरह चुप्पी साधे रखी।

ट्विशा शर्मा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा, "इससे पहले, वह कोर्ट नंबर 32 के अंदर बैठे हुए थे, जो कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश का कोर्टरूम है, और उसके दरवाजे बंद थे। उन्हें किस अधिकार के तहत उस कमरे में बैठने की अनुमति दी गई थी?"

उन्होंने कहा, "इससे समझ में आता है कि ज्यूडिशियरी उनके सपोर्ट में कितनी ज्यादा है। मैं एसआईटी और लोकल पुलिस को कहना चाहता हूं कि उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कीजिए। उनको तुरंत अरेस्ट किया जाए। वे यहां सरेंडर करने आए थे। यहां के सारे जज जा चुके थे और वे जिला जज के चैंबर में दरवाजा बंद कर के बैठ थे। जब मैं दरवाजा खोलवाया तो वहां से भागे और अभी बार एसोसिएशन के चैंबर में बैठे हुए है।"

--आईएएनएस।

वीकेयू/एबीएम