×

तुष्टीकरण की राजनीति के चलते मुलायम सिंह ने कारसेवकों पर गोली चलवाई: भगवानदास सबनानी

 

भोपाल, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। नृपेंद्र मिश्रा के बयान पर भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि सच सामने आता है। कल्याण सिंह का मत था कि एक भी कारसेवक पर गोली नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते मुलायम सिंह यादव ने एक वर्ग को खुश करने के लिए निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलवाई, जिसका शाप पूरे परिवार को भुगतना पड़ रहा है।

भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि कार सेवक अपनी एक बड़ी मांग रखने के लिए अयोध्या गए थे। एक आक्रांता के नाम से अगर उस स्थान की पहचान थी तो वह देश की अस्मिता के लिए ठीक नहीं था।

उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध के लिए अखिलेश यादव को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए, रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए। अब जब चीजें सामने आ गई हैं कि एक सरकार वो थी जिसने गोली नहीं चलवाईं और एक सरकार थी कि जिसने गोली चलाने का आदेश दिया।

विधायक भगवानदास सबनानी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कहा कि देश की आजादी के बाद से महिलाओं को लेकर कांग्रेस का नकारात्मक दृष्टिकोण रहा है। महिलाओं ने आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा बात की। जब मौका मिला तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए विधेयक पास किया।

अब जब अधिकार देने की बात आई तो कांग्रेस को लगने लगा कि जो हम नहीं कर पाए, वो इन्होंने कर लिया। इसलिए कांग्रेस वाले विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के समर्थन में देश की महिलाएं आ गई हैं। लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण होगा, जिससे समृद्ध भारतवर्ष बनेगा।

विधायक भगवानदास सबनानी ने आगे कहा कि एमपी में धर्म स्वातंत्र अधिनियम आने के बाद लव जिहाद की घटनाओं पर कार्रवाई की जा रही है। पहले तो इस ऐसा अधिनियम ही नहीं था। ऐसे अपराधों में जो भी शामिल होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। ऐसे अपराधों में सहयोग करने वाले के खिलाफ भी दंड का प्रावधान है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी