'तुम कौन से देश की सेवा कर रहे हो?' रणबीर की फिल्मों से खुश नहीं थे ऋषि कपूर
मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता रणबीर कपूर हाल ही में आगामी फिल्म 'रामायण' की टीम के साथ क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' गए थे। शो के दौरान उन्होंने अपने दिवंगत पिता-अभिनेता ऋषि कपूर से जुड़ा एक दिल छू लेने वाला किस्सा शेयर किया।
रणबीर कपूर ने मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत के दौरान बताया कि उनके पिता उनके काम की सराहना कैसे करते थे और उनकी कही बातों ने एक अभिनेता के तौर पर उनके सफर को कैसे आकार दिया।
यह भावुक बातचीत तब शुरू हुई जब अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के साथ अपने जुड़ाव और एक पिता-बेटे के बीच के खास रिश्ते के बारे में बात की।
रणबीर से बात करते हुए अमिताभ ने कहा, "रणबीर, हमने आपको एक छोटे बच्चे के तौर पर देखा है। आपके पिता ऋषि कपूर के साथ हमने बहुत काम किया है। जाहिर है कि एक पिता और बेटे का रिश्ता बहुत ही अद्भुत होता है। क्या कभी ऐसा कोई वाकया हुआ है जब ऋषि ने आपके काम की सराहना की हो?"
रणबीर ने बताया कि उनके पिता ऋषि कपूर अक्सर उनकी फिल्मों से संतुष्ट नहीं होते थे। उन्होंने कहा, "जब पापा मेरी फिल्में देखते थे तो वो कभी मेरी चॉइस या मेरे किरदार से इतने खुश नहीं होते थे। उन्हें समझ नहीं आता था और मुझसे बोलते थे कि तुम ये कैसी फिल्में कर रहा है? वेक अप सिड, रॉकेट सिंह, बर्फी, तमाशा।
एक लाइन मेरे परदादा पृथ्वीराज कपूर हमेशा कहते थे, 'कला देश की सेवा में', तो पापा कहते थे कि तुम कौन से देश की सेवा कर रहे हो? उस समय मुझे इस बात का एहसास नहीं था कि वह क्या कहना चाह रहे थे। क्योंकि एक एक्टर के तौर पर जो मुझे स्वाभाविक रूप से समझ आ रहा था, मेरा जो व्यक्तिगत नजरिया था कि मुझे ये किरदार समझ आ रहे हैं, तो मैं वही कर रहा था।"
बता दें कि रणबीर और दिवंगत ऋषि कपूर ने अपने कई पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उनके बीच रिश्ता खट्टा-मीठा रहा है। सीनियर अभिनेता का अप्रैल 2020 में कैंसर से लड़ाई के बाद निधन हो गया था।
--आईएएनएस
एनएस/एएस