×

तृणमूल कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने का आरोप, कल्याण बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना

 

कोलकाता, 29 मई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में अपने कार्यकर्ताओं पर पुलिस की ज्यादतियों और झूठे मामलों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक लंबे पोस्ट में पूरे राज्य के टीएमसी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और भाई-बहनों को संबोधित करते हुए भाजपा और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

कल्याण बनर्जी ने लिखा, "राज्य के अलग-अलग हिस्सों से कई शिकायतें आ रही हैं कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित मामलों में फंसाया जा रहा है। भाजपा नेताओं और विधायकों के दबाव में पुलिस का एक हिस्सा बेबुनियाद एफआईआर दर्ज कर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रहा है।"

बनर्जी ने दावा किया कि कई जगहों पर टीएमसी कार्यकर्ताओं को हथकड़ियों में परेड कराया गया और कुछ की कमर में रस्सियां बांधी गईं। उन्होंने इसे 'पुलिस ज्यादती और सरकारी सत्ता के दुरुपयोग' की मिसाल बताया।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में गिरफ्तार लोगों को जल्दी जमानत मिल जा रही है, जो इन मामलों की कमजोर नींव को साबित करता है, हालांकि जिन कार्यकर्ताओं को अभी जमानत नहीं मिली है और जो लंबे समय से न्यायिक हिरासत में हैं। बनर्जी ने उनके परिवारों और शुभचिंतकों से अपील की है कि वे प्रमाणित एफआईआर कॉपी और अदालती आदेश लेकर उनसे संपर्क करें।

कल्याण बनर्जी ने स्पष्ट किया, "मैं अपनी पूरी क्षमता से और कानून के दायरे में रहते हुए उच्च न्यायालय में उनके केस लड़ने और उचित कानूनी उपचार दिलाने का हर संभव प्रयास करूंगा।" उन्होंने जोर दिया कि न्याय की लड़ाई हमेशा लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से ही लड़ी जानी चाहिए।

पश्चिम बंगाल में हाल के महीनों में टीएमसी और भाजपा के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप लगा रही हैं। टीएमसी का कहना है कि भाजपा पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्षी कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है, जबकि भाजपा इन आरोपों को खारिज करते हुए टीएमसी पर ही हिंसा और भ्रष्टाचार का आरोप लगाती रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी