लखनऊ में वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी में देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नर मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रविवार रात करीब 10 बजे बंथरा थाना क्षेत्र के बंथरा बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। लाला खेड़ा रामचौरा निवासी दीपांशु (19 वर्ष) और गौरी निवासी कमल (20 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर दूर जा गिरी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को बेहद गंभीर हालत में एम्बुलेंस से इलाज के लिए तत्काल सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) सरोजनीनगर भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों युवकों (दीपांशु और कमल) को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। शवों के पंचायतनामा के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी व अन्य माध्यमों से दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। लखनऊ पुलिस कमिश्नर मीडिया सेल ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
इससे पहले शुक्रवार को सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक बाइक में टक्कर मार दी थी। सरोजनी नगर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति के मुताबिक, अलीनगर सुनहरा निवासी संजय (45), वीरेंद्र (44) और नारायण पुरी निवासी कमल (45) शाम करीब 7 बजे मजदूरी करके एक ही बाइक से सरोजनी नगर में बेहटवा गांव की तरफ से गिन्दन खेड़ा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सरोजनी के नादरगंज-अमौसी रेलवे स्टेशन रोड पर मेहराब ऑटो मूवर्स वर्कशॉप के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों बाइक सहित नीचे गिर गए। इस हादसे में संजय और कमल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि वीरेंद्र बुरी तरह घायल हो गए थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला था।
--आईएएनएस
ओपी/एएस