×

टीएमसी का राजनीतिक मुद्दा केवल गाली-गलौज और गुंडागर्दी का : भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह

 

कोलकाता, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर निशाना साधा। हाल ही में राकेश सिंह जेल से बाहर आएं, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें इस सीट से उम्मीदवार बनाया है।

राकेश सिंह ने आईएएनएस से कहा, "जेल से बाहर आकर और कोलकाता पोर्ट में एक उम्मीदवार के तौर पर यहां खड़ा होना—यह सारा आशीर्वाद यहां के कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं का है। मैं यहां लड़ने और जीतने आया हूं और जीतकर मैं भाजपा के हर कार्यकर्ता और हर समर्थक का झंडा लहराऊंगा।"

राकेश सिंह मौजूदा विधायक और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री फिरहाद हकीम के खिलाफ मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि फिरहाद हकीम पिछले 15 साल से इस क्षेत्र के विधायक हैं, लेकिन उन्होंने लोगों के लिए कुछ भी नहीं किया। न तो सड़कें ठीक हैं, न पीने का साफ पानी उपलब्ध है और न ही स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हैं।

उन्होंने कहा, "लोगों को इन बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर यह संदेश पहुंचा रहे हैं कि एक बार भाजपा को मौका दें, तो विकास दिखाई देगा।"

टीएमसी पर हमला करते हुए राकेश सिंह ने कहा कि उनके लिए हिंदू और मुस्लिम सभी वोटर बराबर हैं। उन्होंने कहा, "हमारा सिर्फ एक मुद्दा है और वह है विकास, जबकि टीएमसी का मुद्दा केवल गाली-गलौज, गुंडागर्दी और राजनीतिक हिंसा है। रात में पोस्टर फाड़ना, दीवारों से झंडे हटाना, ये उनके काम हैं। हमारा वादा है कि जब लोग हमें चुन लेंगे तो उन्हें डर से छुटकारा मिल जाएगा। इलाके में शांति और विकास आएगा।"

राकेश सिंह ने क्षेत्र की मुख्य समस्याओं पर भी प्रकाश डाला और कहा कि सबसे पहले सार्वजनिक परिवहन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा, "यहां न तो सरकारी बसें ठीक से चल रही हैं, न चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं और न ही युवाओं को रोजगार मिल रहा है। हम इन दो-तीन मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करेंगे। अस्पताल बनवाएंगे, सड़कों का विकास करेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।"

भाजपा पर लगाए जा रहे कुछ आरोपों का जवाब देते हुए राकेश सिंह ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे शक्तिशाली और लोकप्रिय पार्टियों में से एक है। हमने कभी ऐसा नहीं सोचा कि हम किसी को मांस खाने नहीं देंगे, मछली खाने नहीं देंगे या मिठाई खाने नहीं देंगे। यह सब झूठा प्रचार है। भाजपा हर धर्म और हर समुदाय का सम्मान करती है। ऐसे भ्रामक प्रचार से लोगों को सावधान रहना चाहिए।"

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी