×

फिरहाद हाकिम और उनकी बेटी प्रियदर्शिनी ने भवानीपुर में सीएम ममता बनर्जी के लिए किया चुनाव प्रचार

 

कोलकाता, 25 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी दलों के नेता और उम्मीदवार चुनाव जीतने के लिए दिन-रात प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में टीएमसी नेता एवं कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हाकिम और उनकी बेटी प्रियदर्शिनी हाकिम ने सीएम ममता बनर्जी के लिए भवानीपुर विधानसभा के वार्ड नंबर 82 और 74 में चुनाव प्रचार किया।

इस मौके पर फिरहाद हाकिम ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "ममता दीदी पार्टी के सभी उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रही हैं, इसलिए हम उनका प्रचार करने पहुंचे हैं। यहां के मतदाताओं ने आश्वासन दिया है कि वे दीदी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि भवानीपुर से दीदी बड़े अंतर से जीतेंगी।"

उन्होंने चुनाव आयोग पर धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "धांधली करके लोकतंत्र नहीं चलेगा। सुप्रीम कोर्ट को संज्ञान लेना चाहिए कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। चुनाव आयोग को संविधान के अनुसार काम करना चाहिए। हर भारतीय को वोट देने का अधिकार संविधान ने दिया है। यह अधिकर चुनाव आयोग, भाजपा और केंद्र सरकार ने नहीं दिया है।"

ओवैसी और जनता उन्नयन पार्टी के मुखिया हुमायूं कबीर की बात पर कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर फिरहाद हाकिम ने कहा कि बंगला में एक कहावत है कि "गाय माने न अपनी मोरोल," अर्थात लोग आपको नेता नहीं मानते हैं, पर आप खुद को नेता मान रहे हैं। ये लोग घुसपैठिए हैं, इनके विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

प्रियदर्शिनी हाकिम ने कहा, "दीदी अपने घर से चुनाव लड़ रही हैं। दीदी ने पूरे बंगाल के साथ भवानीपुर का विकास किया है, इसलिए उन्हें भवानीपुर में प्रचार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हम लोग दीदी के लिए प्रचार कर रहे हैं।"

बता दें कि इस बार भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया है।

--आईएएनएस

ओपी/डीकेपी