×

टीएमसी में बंटवारे और उपचुनाव पर भाजपा का पलटवार, सुकांत मजूमदार बोले- नंदीग्राम में जीत का अंतर बड़ा होगा

 

कोलकाता, 18 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में टीएमसी में बंटवारे, नए नाम और चुनाव चिह्न के आवंटन और नंदीग्राम उपचुनाव को लेकर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा का दावा है कि चाहे पूरा विपक्ष एक साथ आ जाए, फिर भी नंदीग्राम में जीत भाजपा की ही होगी।

टीएमसी में बंटवारे और चुनाव चिह्न के आवंटन पर भाजपा नेता अर्चना मजूमदार ने कहा, "पार्टी का नाम पार्टी ने खुद ही चुना है। ऐसा नहीं है कि यह नाम किसी और ने बनाकर दिया हो। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने तीन नाम चुने हैं और तीनों नाम ममता के साथ जुड़े हैं।"

उन्होंने चुनाव चिह्न पर तंज कसते हुए कहा, "अधिकारियों ने जो चुनाव चिह्न दिया है, वही संबंधित पार्टियां चाहती थीं। ममता बनर्जी हमेशा से 'खेला होबे' से जुड़ी रही हैं।"

नंदीग्राम उपचुनाव को लेकर अर्चना मजूमदार ने दावा किया, "भले ही ममता बनर्जी, कांग्रेस, सीपीआई(एम) और कई दूसरी क्षेत्रीय पार्टियां या निर्दलीय उम्मीदवार मिलकर नंदीग्राम में चुनाव लड़ें, फिर भी भाजपा ही जीतेगी। भाजपा उम्मीदवार स्थानीय निवासी हैं।"

वहीं, नंदीग्राम से एआईटीसी उम्मीदवार द्वारा अपना नामांकन वापस लेने पर केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, "मुझे नहीं पता कि उन्होंने अपना नामांकन क्यों वापस लिया है, लेकिन यह तो साफ था कि हम नंदीग्राम में चुनाव जीतेंगे, लेकिन अब जीत का अंतर बहुत बड़ा होगा। यह अंतर उम्मीद से कहीं ज्यादा होगा।"

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नजरबंद होने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए सुकांत मजूमदार ने कहा, "मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल में किए गए अत्याचारों की वजह से वह अपने घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। सरकार ने ममता बनर्जी की आवाजाही पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई है, तो वह इसे मुद्दा क्यों बना रही हैं, मुझे नहीं पता। मैंने कई बार कहा है कि राजनीति में किसी नेता का आना और आगे बढ़ना होता है, और फिर एक समय ऐसा आता है जब आपको राजनीति के मंच से शांतिपूर्वक विदा लेना पड़ता है।"

नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस को ममता बनर्जी के समर्थन पर सुकांत मजूमदार ने कहा, "नहीं, वे सभी एक साथ आएंगे, देखिए। क्योंकि अभी स्थिति यह है कि एक तरफ भाजपा है और दूसरी तरफ बाकी सभी। आने वाले समय में हमें इसी स्थिति का सामना करना है। भाजपा राज्य में सत्ताधारी पार्टी बन गई है, इसलिए हर कोई अपने हितों से समझौता करके एक-दूसरे के साथ आने को तैयार है।"

विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के इस दावे पर कि ममता और भाजपा के बीच मिलीभगत है, सुकांत मजूमदार ने पलटवार करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि बंगाल की राजनीति में ऋतब्रत बनर्जी की कोई अहमियत नहीं है। उन्होंने जो चुनाव जीता था, वह टीएमसी के उम्मीदवार होने की वजह से जीता था। अब मुझे लगता है कि वह बहुत ज्यादा बोल रहे हैं और शोर मचा रहे हैं, लेकिन अगले चुनाव में यह शोर कहीं सुनाई नहीं देगा।"

बता दें कि नंदीग्राम उपचुनाव से पहले बंगाल में सियासी पारा चढ़ा हुआ है और सभी दल एक-दूसरे पर जमकर हमला बोल रहे हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी