×

टीएमसी में बड़ी बगावत, जनता के आक्रोश से विधायकों-सांसदों का क्षेत्र में जाना हुआ मुश्किल: संजय सरावगी

 

पटना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। एनडीए के नेताओं ने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर हमला बोलते हुए दावा किया कि पार्टी के भीतर बड़े स्तर पर असंतोष पैदा हो गया है और जनता भी अब उससे नाराज है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि टीएमसी पिछले 15 वर्षों से जनता के हितों के खिलाफ काम कर रही थी और लोग अब इस पार्टी को सत्ता में नहीं देखना चाहते। पार्टी के बड़ी संख्या में विधायक और सांसद अलग गुट बना चुके हैं तथा कई जनप्रतिनिधियों को जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। जनता के आक्रोश के कारण कई प्रतिनिधियों का क्षेत्र में जाना मुश्किल हो गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा आम लोगों की समस्याएं सुनने के लिए आयोजित की जा रही बैठकों और सहायता शिविरों को लेकर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता की परेशानियों को लेकर गंभीर हैं और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

सरावगी ने बताया कि महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहायता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों की शिकायतें सुनी जा रही हैं। इन आवेदनों पर 30 दिनों के भीतर कार्रवाई करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद भी यदि कोई आवेदक कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होता है तो मुख्यमंत्री स्वयं दूसरे चरण में उन मामलों की सुनवाई करेंगे।

इधर, जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने वायनाड में हुए भूस्खलन की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद दोनों नेताओं का वहां नहीं पहुंचना गैर-जिम्मेदाराना रवैया दिखाता है।

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी पहले वायनाड से सांसद रहे हैं और वर्तमान में प्रियंका गांधी वहां की सांसद हैं, इसलिए क्षेत्र के लोगों के प्रति उनकी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने केरल की कांग्रेस सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्यों को लेकर संतोषजनक स्थिति नहीं दिखाई दे रही है।

अंतर्राष्ट्रीय मुद्दे पर भी राजीव रंजन प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ईरान-अमेरिका के बीच तनाव और युद्धविराम समझौते के टूटने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के संघर्षों का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। महंगाई बढ़ने, आर्थिक विकास दर प्रभावित होने और मंदी की आशंका जैसी चुनौतियां सामने आ सकती हैं।

वहीं, वक्फ बोर्ड में कथित अनियमितताओं को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखे जाने के मामले पर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड से जुड़ी शिकायतें देश के कई हिस्सों से सामने आती रही हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है।

दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के वायनाड दौरे को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता जनता की समस्याओं से दूर रहते हैं और केवल सरकार की आलोचना करने का काम करते हैं।

सोशल मीडिया पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को लेकर केंद्र सरकार के निर्देशों पर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा बेहद गंभीर विषय है और इस दिशा में सुप्रीम कोर्ट, संसद और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से कड़े कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम