टीएमसी के नेता भगवान श्रीराम को मानने लगे हैं, अब राम राज्य को भी मानना पड़ेगा: पवन सिंह
भाटपाड़ा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा विधायक पवन सिंह ने हुमायूं कबीर के वायरल वीडियो को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हुमायूं कबीर और सुवेंदु अधिकारी, दोनों विधायक हैं। ऐसे में एक विधायक की दूसरे विधायक से बातचीत होती है।
पवन सिंह ने कहा कि विधानसभा में सभी विधायकों से बात होती है। जरूरत पड़ने पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी प्रधानमंत्री मोदी से बात करती हैं। उन्होंने हुमायूं कबीर के बयान पर कहा कि कोई कुछ भी कह दे तो उस पर विश्वास तो नहीं कर सकते। भाजपा को बदनाम करने के लिए हुमायूं कबीर कुछ भी कहें तो वह सत्य नहीं हो जाता।
टीएमसी के पत्र को लेकर उन्होंने कहा कि एक समय था, जब टीएमसी के लोग जय श्रीराम बोलने से कतराते थे। भगवान श्रीराम की शोभायात्रा में टीएमसी के लोग शामिल नहीं होते थे, लेकिन मौजूदा वक्त में टीएमसी के लोग शोभायात्रा में शामिल होने लगे हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामनवमी का शुभकामना संदेश दिया था। बड़े-बड़े नेता जो पहले नहीं मानते थे, अब मानने लगे हैं। एक दिन ऐसा भी आएगा कि टीएमसी को राम राज्य को भी मानना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि हम लोग तो शुरू से मानते हैं, जब टीएमसी के लोग भगवानश्री राम को जब मानेंगे तो इतना मानेंगे कि भगवान को भी आश्चर्य हो जाएगा। सब समय का खेला है, समय आने पर पता चल जाएगा कि क्या होगा?
भाजपा जिला अध्यक्ष उदय शंकर बनर्जी ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, और 4 मई को सरकार का गठन होगा, इसलिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।
हुमायूं कबीर से जुड़े कथित वीडियो पर भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि यह एक पूरी तरह से सोची-समझी साजिश है जिसे जान-बूझकर अंजाम दिया जा रहा है। हुमायूं कबीर कभी भी हमारे साथ नहीं रहे हैं, यह बात बिल्कुल साफ है, लेकिन यह पूरी साजिश मुस्लिम मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए रची गई है, जैसा कि आप देख सकते हैं। यहां तक कि ममता बनर्जी ने भी खुद कहा था कि ऐसी चीजें एआई-जनरेटेड भी हो सकती हैं।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी