×

टीएमसी का राजनीतिक प्रभाव लगातार घट रहा, अब बंगाल में कानून के शासन का दौर: कौस्तव बागची

 

कोलकाता, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच भाजपा नेताओं-कौस्तव बागची और लॉकेट चटर्जी ने इन आयोजनों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर भी तीखा हमला बोला। वहीं, कोलकाता की प्रसिद्ध चोरबागान दुर्गा पूजा समिति ने इस वर्ष की अपनी 'अकाल बोधन' थीम का अनावरण किया।

भाजपा नेता कौस्तव बागची ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के कार्यक्रम में शामिल होना बंगाल और विशेष रूप से बंगाली हिंदुओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा, जिसे ऐतिहासिक क्षण के रूप में देखा जा रहा है।"

बागची ने कहा, "श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाली हिंदुओं के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह का आना अपने आप में बड़ी बात है। इससे उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।"

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग वर्षों से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अन्य ऐतिहासिक हस्तियों के योगदान को भुलाने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन जनता ने चुनाव के दौरान ऐसे प्रयासों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कौस्तव बागची ने कहा, "समय के साथ टीएमसी का राजनीतिक प्रभाव कम हुआ है। मेरे अनुसार, पहले सत्ता के प्रभाव में कानून का पालन प्रभावित होता था, लेकिन अब कानून के शासन के अनुसार कार्रवाई हो रही है और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।"

उन्होंने दुर्गा पूजा के महत्व पर कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और बंगालियों की भावनाओं से जुड़ा सबसे बड़ा पर्व है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में लोग इस उत्सव का बेसब्री से इंतजार करते हैं।

वहीं, भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा कि इस वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा नेता डॉ. मुखर्जी के आवास पर जाएंगे और उनकी प्रतिमा का उद्घाटन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है और इसमें अनेक लोग शामिल होंगे।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी