☰
×

तिरुप्परंकुंद्रम में दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की सुप्रीम कोर्ट से अनुमति

 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के तिरुप्परंकुंद्रम स्थित दीपथून पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम प्रज्वलित करने के लिए मंदिर समिति को विशेष अनुमति दी है। कोर्ट ने इस संबंध में कुछ शर्तें भी निर्धारित की हैं और मद्रास हाईकोर्ट के निष्कर्षों पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, दीप प्रज्वलित करने की व्यवस्था और निगरानी की जिम्मेदारी मदुरै के जिला कलेक्टर को दी गई है। जिला कलेक्टर मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और पुलिस कमिश्नर से परामर्श कर दीप जलाने वाली टीम के सदस्यों और उसके आकार को तय करेंगे।

अदालत ने समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। टीम को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की मदद भी ली जा सकती है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दीप प्रज्वलित करने के लिए केवल अधिकृत टीम और संबंधित अधिकारियों को ही मौके पर जाने की अनुमति होगी। इस दौरान सार्वजनिक भीड़ जुटाने, जुलूस निकालने, प्रदर्शन करने और नारेबाजी पर प्रतिबंध रहेगा।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि दीप जलाने का समारोह पूरा होने के बाद टीम तुरंत वापस लौटेगी और अपने साथ सभी सामान ले जाएगी। मौके पर किसी तरह की खुदाई, निर्माण कार्य या मौजूदा संरचना में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

अदालत ने पारंपरिक पूजा स्थलों पर धार्मिक गतिविधियां जारी रखने और आसपास स्थित दरगाह एवं मस्जिद तक पहुंच को निर्बाध बनाए रखने पर भी जोर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह अनुमति पूरी तरह अस्थायी व्यवस्था के तहत दी गई है और इससे किसी पक्ष के पारंपरिक अधिकार स्थापित नहीं होंगे।

--आईएएनएस

डीएससी