तिलक नगर थप्पड़ कांड में प्रवेश वर्मा पर एफआईआर की मांग, पुलिस मुख्यालय पहुंचा पीड़ित
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के तिलक नगर में हुए थप्पड़ कांड में मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पीड़ित साहिब सिंह गुरुवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मांग की है कि जिस तरह से मंत्री ने उनके साथ बर्ताव किया, उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाना चाहिए।
आईएएनएस से बातचीत में साहिब सिंह ने बताया कि वह पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर से मिलने आए थे, लेकिन उनसे मिल नहीं पाए। हमने डाक विभाग के जरिए अपनी शिकायत यहां जमा कर दी है।
उन्होंने कहा कि वे इस मामले में सीपी से मिलना चाहते थे, लेकिन मिलने नहीं दिया गया, हालांकि हमने अपनी शिकायत जमा कर दी है और हमें भरोसा दिलाया गया है कि इस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि तिलक नगर की घटना के बाद मुझे लगातार धमकियां मिल रही हैं। मैंने सभी चीजों का जिक्र कर दिया है। सबूत के तौर पर स्क्रीनशॉट भी जमा किए हैं और इस केस में एफआईआर होनी चाहिए। पुलिस को एक्शन लेना चाहिए।
मंत्री प्रवेश वर्मा को मानहानि का नोटिस भेजने पर आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने चार दिन पहले मंत्री कह रहे थे कि मैंने सड़क का क्वालिटी इंस्पेक्शन करवा लिया है। कोर कटिंग करवा ली है लेकिन सभी ने देखा कि भ्रष्टाचार पकड़े जाने के बाद सरेआम मंत्री ने कैसे अपना आपा खोकर युवक को थप्पड़ मारा। चार दिन बीतने के बाद वे सड़क की क्वालिटी पर बात नहीं कर रहे हैं। पूरे देश से लोग आ-आकर सड़क अभी भी उखाड़-उखाड़ कर दिखा रहे हैं। पिछले चार दिन से उन्होंने जो गुंडागर्दी की, उसकी सारी दुनिया में बदनामी हो रही है और अब मंत्री मुझे बदनाम करने के लिए मेरे खिलाफ कांट्रेक्टर से शिकायत डलवा रहे हैं कि मैंने उससे पैसे मांगे।
उन्होंने कहा कि इससे वे मेरी छवि खराब करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं तो इसके लिए मैंने उन्हें एक मानहानि का नोटिस भेजा है। इस पर अगर आप सात दिन के अंदर जवाब नहीं देते। सात दिन के अंदर अगर माफी नहीं मांगते तो यह कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी