☰
×

टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी पर दिलीप घोष बोले-"घटना की जांच हो और आरोपियों का पता लगाया जाए"

 

बिधाननगर, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुंबई के माफिया नेटवर्क और पुराने आपराधिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि मुंबई में पहले माफिया गतिविधियां काफी प्रभावशाली थीं, लेकिन अब स्थिति में सुधार हुआ है और कानून-व्यवस्था काफी हद तक नियंत्रण में है।

पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि मुंबई के माफिया नेटवर्क के इतिहास से सभी परिचित हैं। मुंबई के आपराधिक गिरोहों के संबंध में लंबे समय से विदेशों, खासकर दुबई और अन्य स्थानों से जुड़े रहे हैं। 20, 30 या 40 साल पहले मुंबई में जिस तरह की आपराधिक गतिविधियां होती थीं, उनकी तुलना में अब हालात काफी हद तक सामान्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार के बावजूद इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। गोलीबारी की घटना के पीछे किसका हाथ है और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका पता जांच के जरिए लगाया जाना जरूरी है। आगे इस तरह की घटना न हो, इसका भी ध्यान देना चाहिए। मुंबई पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए घोष ने कहा कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि जांच एजेंसियों को घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

कोलकाता में भगदड़ की घटना के बाद मुख्यमंत्री सुवेंद्र अधिकारी द्वारा कंट्रोल रूम से पूजा पंडालों की निगरानी किए जाने को लेकर भी दिलीप घोष ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर अन्य मंत्री और पुलिस अधिकारी लगातार पूजा पंडालों का दौरा कर रहे हैं और व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घोष ने कहा, प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है और पूजा पंडालों में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कभी-कभी थोड़ी सी लापरवाही के कारण अप्रिय घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन की सतर्कता से पूजा के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहेंगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल में उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम