टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर एनडीए नेताओं ने कहा-"अपराधियों पर हो कड़ी कार्रवाई"
पटना, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए हमले को लेकर भी एनडीए नेताओं ने सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पटना के अटल पथ पर दशहरा मना रहे लोगों को एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने कुचल दिया। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने और कुछ लोगों की मौत होने की खबर है। घटना को लेकर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन घटना में शामिल लोगों की तलाश कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि यह घटना रविवार रात तीन बजे हुई, जब कुछ लोग दशहरा मना रहे थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, कुछ लोगों की मौत होने की भी जानकारी सामने आई है।
राम कृपाल यादव ने इस घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले में शामिल लोगों की तलाश कर रहा है। स्कॉर्पियो के मालिक और गाड़ी से लोगों को कुचलने वाले चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की सतर्कता के बावजूद इस तरह की घटनाएं होना चिंता का विषय है।
इसी बीच, मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुए हमले को लेकर भी रामकृपाल यादव ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाई गई लेकिन वे बाल-बाल बच गए। यह घटना बेहद दुखद है और निश्चित रूप से चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। साथ ही, सरकार को इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर भाजपा सांसद रवि किशन ने महाराष्ट्र पुलिस पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। रवि किशन ने टाइगर श्रॉफ की तारीफ करते हुए उन्हें एक मासूम और विनम्र इंसान बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम