टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में एक्शन, कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा
कोटा, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू में हुई फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध शूटरों को हिरासत में लिया है। कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पकड़े गए तीन आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
दरअसल, पुलिस को इनपुट मिला था कि फायरिंग के मुख्य आरोपी ट्रेन से सफर कर सकते हैं। इसके बाद कोटा सिटी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई। इस कार्रवाई में कोटा सिटी पुलिस, जिला विशेष टीम (डीएसटी), साइबर टीम, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों और एजीटीएफ के एक जवान ने सहयोग किया।
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही कोटा सिटी पुलिस को सक्रिय किया गया। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी की। पुलिस ने पांच से छह टीमें बनाकर अलग-अलग स्थानों पर तैनात कीं। इन टीमों को रेलवे स्टेशन, प्रवेश और निकास द्वारों तथा रेलवे यार्ड में लगाया गया, ताकि संदिग्ध ट्रेन से उतरकर भागने की कोशिश करें तो उन्हें पकड़ा जा सके। सूचना मिलने तक ट्रेन आगे निकल चुकी थी। इसके बावजूद पुलिस ने करीब 15 मिनट में ब्रीफिंग कर टीमों को तैनात किया और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में तीन में से दो आरोपियों के खिलाफ एक-एक आपराधिक मामला सामने आया है। इनमें चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों से विस्तृत पूछताछ मुंबई पुलिस द्वारा की जाएगी।
अनिल पंडित की भूमिका के सवाल पर एसपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों में शामिल रेहान की बातचीत अनिल पंडित से होने की जानकारी प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अभी और पूछताछ की जाएगी तथा विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में संदिग्धों ने बताया कि उनका उद्देश्य दिल्ली के रास्ते नेपाल जाकर फरारी काटना था। पुलिस अब आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले करेगी, जहां उनसे विस्तार से पूछताछ की जाएगी।
तेजस्विनी गौतम ने आगे कहा कि शुरुआती पूछताछ में इस मामले का कोटा या राजस्थान से कोई संबंध सामने नहीं आया है। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों और अन्य जवानों की सराहना की। साथ ही, बताया कि पूरी टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और उनके काम की सराहना के लिए डीजी से प्रशंसा दिलाने का अनुरोध किया जाएगा।
--आईएएनएस
पीएसके