×

टिफनी ट्रंप ने पति माइकल बुलोस के साथ किया जैसलमेर फोर्ट का दीदार, राजस्थान की खूबसूरती को बताया शानदार

 

जैसलमेर, 31 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टैफिनी ट्रंप अपने निजी दौरे पर भारत पहुंची हुई हैं। टिफनी पति माइकल बुलोस के साथ भारत के अलग-अलग शहरों में पर्यटन स्थलों पर जा रही हैं। रविवार को टिफनी ऐतिहासिक जैसलमेर फोर्ट पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जैसलमेर में एक शानदार दिन! ऐतिहासिक जैसलमेर किले और दूसरी खूबसूरत जगहों पर घूमे। राजस्थान सच में बहुत शानदार है।"

वहीं टिफनी ने भी गोर और अपने पति के साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा, "हमारे प्यारे दोस्त सर्जियो गोर के साथ भारत की सबसे शानदार यात्रा।"

इससे पहले टिफनी आगरा में ताजमहल का दीदार करने पहुंची थीं। जैसलमेर पहुंचने से करीब दो घंटे पहले टिफनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पति बुलोस के साथ खिंचवाई तस्वीर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा "द स्टनिंग ताजमहल" यानी शानदार ताजमहल।

टिफनी शनिवार को नई दिल्ली से पति और कुछ दोस्तों के साथ आगरा पहुंचीं। उन्होंने ताजमहल में अच्छा खासा समय बिताया था। रविवार को वह विशेष विमान से राजस्थान के जैसलमेर पहुंचीं। एयरपोर्ट के बाहर भारत के वायु रक्षा सिस्टम 'आकाश' को भी तैनात किया गया था, जिसे सेना और वायुसेना की मजबूत एयर डिफेंस क्षमता का अहम हिस्सा माना जाता है। सुरक्षा के लिए हाई-सिक्योरिटी और बुलेटप्रूफ वाहनों की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

दोनों सूर्यगढ़ होटल में रुके। यहां पहुंचने पर उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त की गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला एयरपोर्ट से शहर की ओर निकला। वह यहां विश्व प्रसिद्ध सोनार किला सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा करेंगी।

शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे दंपति ने दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया था। दौरे के बाद की तस्वीरें एक्स अकाउंट पर साझा करते हुए टिफनी ने लिखा, अक्षरधाम का दौरा अभूतपूर्व था।

--आईएएनएस

केके/वीसी