☰
×

दिल्ली से मुंबई का सफर 6 घंटे से भी कम में होगा पूरा! बजट में हो सकता है बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का ऐलान, 4 राज्यों से गुजरेगा रूट

 

देश में बुलेट ट्रेन नेटवर्क का विस्तार करने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्र सरकार और नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन (NHSRCL) देश में सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। इनमें मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर सबसे पहले शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा दक्षिण भारत के शहरों को जोड़ने के लिए भी चार कॉरिडोर प्रस्तावित हैं। वहीं, दिल्ली से गुवाहाटी तक नॉर्थ कॉरिडोर की घोषणा भी की जा चुकी है।अब सबकी नजर दिल्ली-मुंबई बुलेट ट्रेन रूट पर है। इस परियोजना के पूरा होने से देश की राजधानी दिल्ली सीधे जयपुर, अहमदाबाद और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों से जुड़ सकेगी। फिलहाल दिल्ली से मुंबई का सफर ट्रेन से करीब 14 से 15 घंटे में पूरा होता है, लेकिन बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद यह यात्रा 6 घंटे से भी कम समय में पूरी हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार आगामी बजट में इस कॉरिडोर को लेकर घोषणा कर सकती है।

दिल्ली-अहमदाबाद रेल कॉरिडोर से जुड़ेंगे 4 राज्य

दिल्ली-मुंबई बुलेट ट्रेन नेटवर्क की योजना में सबसे अहम हिस्सा 886 किलोमीटर लंबा दिल्ली-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर (DAHSR) है। इसे 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से जोड़ने का प्रस्ताव है।

दोनों परियोजनाओं के जुड़ने पर दिल्ली-मुंबई हाईस्पीड रेल कॉरिडोर (DMHSR) तैयार हो सकता है। दोनों चरणों की कुल लंबाई करीब 1,394 किलोमीटर रहने का अनुमान है।

इस रूट पर ट्रेन की परिचालन गति लगभग 320 किलोमीटर प्रति घंटा रखने की योजना है। हालांकि, प्रस्तावित स्वदेशी B28 कोच के आधार पर शुरुआती गति 250 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।

कॉरिडोर के बनने से दिल्ली के अलावा हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र को हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। सरकार ने 2022 में दिल्ली-अहमदाबाद कॉरिडोर के लिए सर्वे भी कराया था, लेकिन परियोजना पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।

दिल्ली-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के प्रस्तावित 15 स्टेशन

प्रस्तावित रूट पर दिल्ली से अहमदाबाद के बीच कई प्रमुख शहरों को जोड़ने की योजना है। इसमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के स्टेशन शामिल हो सकते हैं।

  1. दिल्ली: द्वारका

  2. हरियाणा: IMT मानेसर और रेवाड़ी

  3. राजस्थान: बहरोड़, शाहपुरा, जयपुर, अजमेर, विजयनगर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर

  4. गुजरात: हिम्मतनगर, गांधीनगर और अहमदाबाद

इस रूट से जयपुर, अजमेर और उदयपुर जैसे प्रमुख शहरों को भी हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है।

दिल्ली-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का रूट कैसे आगे बढ़ेगा?

प्रस्तावित योजना के अनुसार, दिल्ली-अहमदाबाद कॉरिडोर की शुरुआत द्वारका सेक्टर-21 से हो सकती है। यहां से रूट हरियाणा की ओर बढ़ेगा और आगे दिल्ली-जयपुर रेलवे लाइन के समानांतर विकसित किया जा सकता है।

कॉरिडोर के केएमपी एक्सप्रेसवे को पार करने के बाद शाहजहांपुर टोल प्लाजा के आसपास दिल्ली-जयपुर हाईवे से जुड़ने की संभावना है। इस पूरे रूट को एलिवेटेड बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया है।

हालांकि, रूट का अंतिम स्वरूप और स्टेशन संबंधी जानकारी परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी।

बुलेट ट्रेन परियोजना के सामने क्या हैं चुनौतियां?

दिल्ली-अहमदाबाद और मुंबई-अहमदाबाद दोनों हाईस्पीड रेल परियोजनाओं को पूरा करने में कई तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियां हैं। मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर का काम पूरा होने के बाद दिल्ली-अहमदाबाद रूट पर आगे निर्णय लिया जा सकता है।

मुंबई-अहमदाबाद परियोजना में गुजरात के साबरमती टर्मिनल और वडोदरा में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं, मुंबई के पास ठाणे क्रीक के नीचे करीब 7 किलोमीटर लंबी समुद्री रेल सुरंग बनाई जा रही है। यह परियोजना का एक महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सा है।

दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर को मंजूरी मिलने पर भूमि अधिग्रहण, बड़े वित्तीय निवेश, पर्यावरण संबंधी मंजूरियों और प्रभावित लोगों के पुनर्वास जैसी चुनौतियों से भी निपटना होगा।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का काम कब पूरा होगा?

देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर काम चल रहा है। योजना के मुताबिक, गुजरात में सूरत और बिलिमोरा के बीच पहला चरण 15 अगस्त 2027 से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके बाद मुंबई से अहमदाबाद तक पूरे 508 किलोमीटर के कॉरिडोर को दिसंबर 2029 तक पूरा करने की उम्मीद है। इस रूट पर महाराष्ट्र और गुजरात में कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

दिल्ली-मुंबई बुलेट ट्रेन से क्या होगा फायदा?

दिल्ली-अहमदाबाद-मुंबई हाईस्पीड रेल नेटवर्क शुरू होने से देश के चार राज्यों के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो सकता है। इससे जयपुर, उदयपुर, अहमदाबाद और मुंबई जैसे शहरों को तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।इसका फायदा पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिल सकता है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे बड़े आर्थिक केंद्रों के बीच यात्रा आसान होने से कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।फिलहाल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के जरिए भी इन क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। अब बुलेट ट्रेन नेटवर्क के विस्तार से देश में हाईस्पीड रेल यात्रा को नई दिशा मिल सकती है।