बेड के अंदर से निकली महिला की सड़ी-गली डेड बॉडी...खौफनाक हत्याकांड की कहानी जानकर हिल जाएगा दिमाग

दिल्ली के शाहदरा स्थित एक फ्लैट में शुक्रवार को बिस्तर के अंदर कंबल में लिपटा एक महिला का सड़ा-गला शव मिला। पुलिस ने बताया कि मकान के मालिक विवेकानंद मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मिश्रा की उम्र 55 से 60 वर्ष के बीच बताई है। पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच होगी और अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि विवेक विहार पुलिस स्टेशन को इलाके में स्थित एक डीडीए फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने एक बयान में कहा, 'जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने घर को अंदर से बंद पाया और पिछले दरवाजे के पास खून के निशान थे।' उन्होंने बताया कि परिसर खोलने पर बिस्तर के अंदर एक महिला का सड़ा-गला शव मिला, जिसे कंबल में लपेटा गया था।
उन्होंने बताया कि महिला विवाहित लग रही थी, क्योंकि उसने लाल चूड़ियां पहन रखी थीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या दो से तीन दिन पहले हुई प्रतीत होती है। सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मिश्रा गुरुवार रात और शुक्रवार दोपहर को फ्लैट पर आए थे। पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और जांच जारी है।