शीर्ष अदालत को मिले 3 नए जज, CJI सूर्यकांत ने दिलाई शपथ; वीडियो में जाने जजों की संख्या 37 हुई
सुप्रीम कोर्ट को मंगलवार को तीन नए जज मिल गए। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने गुजरात हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस सुनीता अग्रवाल, दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट के जज पद की शपथ दिलाई। तीनों की नियुक्ति के साथ ही शीर्ष अदालत में जजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है।
28 सितंबर को कॉलेजियम ने की थी सिफारिश
तीनों जजों के नाम की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 सितंबर को की थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने सोमवार को इन नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की। मंगलवार को शपथ ग्रहण के साथ ही तीनों ने सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल लिया।इन नियुक्तियों के बाद सुप्रीम कोर्ट में कुल न्यायाधीशों की संख्या 37 हो गई है। इससे शीर्ष अदालत में लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों के संचालन में मदद मिलने की उम्मीद है।
कौन हैं जस्टिस सुनीता अग्रवाल?
जस्टिस सुनीता अग्रवाल का जन्म 30 अप्रैल 1966 को उत्तर प्रदेश के फैजाबाद में हुआ था। उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी से साइंस की पढ़ाई की और इसके बाद अवध यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की। कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने न्यायिक क्षेत्र में लंबा अनुभव हासिल किया।जस्टिस सुनीता अग्रवाल ने करीब 21 वर्षों तक इलाहाबाद हाईकोर्ट में दीवानी, रिट और वाणिज्यिक मामलों से जुड़े मुकदमों की पैरवी और सुनवाई से जुड़े काम किए। उनके लंबे न्यायिक अनुभव के बाद उन्हें 21 नवंबर 2011 को इलाहाबाद हाईकोर्ट का एडिशनल जज नियुक्त किया गया।
2013 में बनी थीं स्थायी जज
जस्टिस सुनीता अग्रवाल को 6 अगस्त 2013 को इलाहाबादहाईकोर्ट में स्थायी जज के रूप में पदोन्नत किया गया था। इसके बाद 5 जुलाई 2023 को उनका तबादला गुजरात हाईकोर्ट में किया गया। वहां उन्होंने चीफ जस्टिस के रूप में जिम्मेदारी संभाली।अब उन्हें सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जस्टिस सुनीता अग्रवाल लगभग पांच साल तक सुप्रीम कोर्ट में सेवाएं देने के बाद 29 अप्रैल 2031 को सेवानिवृत्त होंगी।
दो अन्य चीफ जस्टिस भी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे
जस्टिस सुनीता अग्रवाल के साथ दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को भी सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत किया गया है। तीनों के पास अलग-अलग हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस और न्यायिक कार्यों का लंबा अनुभव है।तीनों नियुक्तियों के बाद सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 37 हो गई है। अब शीर्ष अदालत में इन नए जजों की नियुक्ति के साथ महत्वपूर्ण संवैधानिक, आपराधिक, दीवानी और अन्य मामलों की सुनवाई के लिए न्यायिक क्षमता बढ़ेगी।